लोहिया पथ पर तीन ओवर ब्रिज बन गए लेकिन गोमती नगर जाने के लिए लोगों को सुगम रास्ता नहीं मिला।
अब एक बार फिर सीधे गोमती नगर जाने के लिए नया रास्ता बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
इसके लिए ओवर ब्रिज के समानांतर एक फ्लाई ओवर बनाया जाएगा।
यह फ्लाई ओवर डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क चौराहे से शुरू होने वाले बाईं ओर के पुल के बीचो-बीच से उठेगा।
पिकप चौराहे के ऊपर होकर डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल की ओर गिरेगा।
पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ने इसे मंजूरी दे दी है और शासन के अधिकारियों ने भी स्थलीय निरीक्षण कर स्वीकृति के संकेत दे दिए हैं।
गोमती नगर में प्रवेश मार्ग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। जब लोहिया पथ का निर्माण हुआ तो दोनों ओर साइकिल ट्रैक बनाया गया।
तब लोग गोमती नगर जाने के लिए पुल के नीचे से मिठाई वाले चौराहे से मुड़कर चले जाते थे।
पिछली सरकार में साइकिल ट्रैक तोड़ा गया और उसके स्थान पर एक नया ओवर ब्रिज बना दिया गया लेकिन यह भी सीधे पिकप चौराहे तक गिरा दिया गया।
तीसरा पुल भी इसलिए बनाया गया था कि इसे मिठाई वाले चौराहे के पास मोड़कर गोमती नगर की ओर रास्ता बनाया जाएगा लेकिन यह काम काफी लंबे समय तक लटका रहा।
विलंब होने के कारण पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे जल्दी बनाने के निर्देश दिए। इस आपाधापी में यह तीसरा पुल भी सीधे ही बना दिया गया। गोमती नगर के लिए सीधा रास्ता नहीं बना।
अब दाएं और बांए वाले दोनों ओवर ब्रिज के नीचे से रास्ते हैं लेकिन वे बहुत खतरनाक हैं और ट्रैफिक भी जाम होता है।
इस समय तीन में से दो ओवर ब्रिज लोहिया पार्क चौराहे के पास से शुरू होकर पिकप चौराहे पर गिरते हैं। एक उससे थोड़ा पहले खत्म होता है।
ऐसे में पिकप चौराहे पर जाम लगता है और यहां भी तेज वाहनों के कारण एक्सीडेंट का खतरा बना रहता है।
इसी को देखते हुए गोमती नगर का सीधा रास्ता देने के लिए फ्लाई ओवर बनाने की योजना तैयार की गई है।
पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता वीके सिंह बताते हैं कि पहले वाले तीनों ओवर ब्रिज ज्यों के त्यों रहेंगे।
लेकिन दबाव कम करने के लिए लोहिया पार्क से पिकप चौराहे की ओर बाएं से जाने वाले ओवरब्रिज पर एक फ्लाई ओवर बनाया जाएगा।
जहां से वह पुल नीचे गिरना शुरू होता है, वहां से एक और रास्ता निकालकर इस फ्लाई ओवर को उठाया जाएगा।
इससे लोग ऊपर से ही गोमती नगर निकल जाएंगे। इससे बाकी तीन रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा।
पुल पर बनेंगे पांच रास्ते
अभी गोमती नगर रेलवे लाइन के ऊपर एक पुराना पुल है। उस पर दो रास्ते हैं। एक-एक रास्ता लोहिया पार्क और पिकप से आने-जाने के लिए है।
लोहिया पार्क से पिकप चौराहे की ओर जाने केलिए तीसरा पुल चालू है। चौथा रास्ता भी बनकर गया है जो पिकप चौराहे से उठता है।
वह गोमती नगर विभूति खंड से लोहिया पार्क तरफ आने के लिए है। वह जल्द ही शुरू हो जाएगा जो गोमती नगर से शहर आने के लिए आसान होगा।
इस तरह दो-दो रास्ते आने-जाने के लिए अभी तैयार हैं। गोमती नगर जाने केलिए पांचवां रास्ता पिकप चौराहे केऊपर से निकाला जाएगा।
इसी के लिए यह फ्लाई ओवर बनाया जा रहा है। यह फ्लाई ओवर लोहिया पार्क से पिकप की ओर जाने वाले पुल के बीचो-बीच से उसकेसमानांतर बनाया जाएगा।
जहां से यह पुल गिरना शुरू होता है, वहां से बगल में समानांतर पिलर खड़े करके नया फ्लाई ओवर बनेगा। यह पिकप चौराहे से ऊपर ही ऊपर मुड़ेगा और लोहिया अस्पताल की ओर जाएगा।