पॉलीटेक्निक चौराहे पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए इसके गोल चक्कर को छोटा कर वाहनों के गुजरने के लिए अतिरिक्त स्थान दिया जाएगा।
चौराहे के सुधारीकरण का काम लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अगले एक सप्ताह में शुरू कर देगा। तीन माह में काम पूरा किया जाएगा, हालांकि इस पर आने वाले खर्च का अभी अनुमान नहीं लगाया गया है।
गोल चक्कर को छोटा करने के बाद जो भूमि बचेगी, उसका उपयोग फुटपाथ, नाला और सड़क का कुछ हिस्सा बनाने में किया जाएगा।
पॉलीटेक्निक चौराहे की नई डिजाइन बनाने के लिए केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) को कहा गया है। सीआरआरआई की सिफारिश पर ही चौराहे को बेहतर किया जाना है।
गौरतलब है कि पॉलीटेक्निक चौराहे का काम करीब आठ महीने पहले शुरू किया गया था लेकिन जाम की परेशानी के चलते इसे बीच में ही बंद कर दिया गया। तब से काम दोबारा नहीं शुरू किया जा सका।
दरअसल अधिकारियों के बीच कुछ कंफ्यूजन हो गया था। यहां जगह कम थी, इसलिए राजकीय पॉलीटेक्निक की कुछ जमीन लेकर यहां चौराहे को बेहतर किया जाना था, ताकि यहां जाम न लगे।
आखिकार यूपी कैबिनेट ने इस जमीन को दिलवाने का फैसला कर लिया है। कैबिनेट ने सोमवार को फैसला किया कि फैजाबाद रोड स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक की करीब 5590 वर्ग मीटर भूमि पीडब्ल्यूडी को नि:शुल्क मिलेगी।
यह भूमि मिल जाने से चौराहा करीब 10 मीटर अतिरिक्त चौड़ा हो जाएगा। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता धर्मराज ने बताया कि, एक सप्ताह के भीतर चौराहे का निर्माण फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
इस बार गोल चक्कर को तोड़ कर छोटा करेंगे। पॉलीटेक्निक की बाउंड्री को 10 मीटर पीछे किया जाएगा। इससे जो जगह बचेगी वहां पर नाला बनाया जाएगा।
इस नाले की वजह से चौराहे पर पानी नहीं जमा होगा। इससे यहां सड़क की लाइफ बढ़ जाएगी। तीन महीने में काम खत्म कर दिया जाएगा। सीआरआरआई अगले एक दो दिन में नई डिजाइन भेज देगी।