ऑटो ऑपरेटरों ने चारबाग से मुंशी पुलिया तक का एक सवारी से 24 रुपये किराया वसूलने की तैयारी शुरू कर दी है।
इसी प्रकार अन्य रूट पर भी किराए की गणना की जा रही है। लेकिन ऑटो ऑपरेटर फाइनल किराए की सूची बुधवार को जारी करेंगे।
इसके लिए ऑटो ऑपरेटरों की चारबाग में बैठक बुलाई गई है। दूसरी तरफ टैंपो-टैक्सी महासंघ किराया बढ़ोतरी के नए रेट से नाराज है। महासंघ ने इस रेट का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
ऑटो ऑपरेटरों के अनुसार राज्य परिवहन प्राधिकरण ने सोमवार को 5.45 रुपये के बजाय 5.90 रुपये के रेट से पहला किमी और बाकी की गणना 2.80 रुपये प्रति किमी के हिसाब से किराया बढ़ाने की मंजूरी दी है।
एक ऑटो ऑपरेटर ने बताया कि इस आधार पर चारबाग से मुंशी पुलिया का नया किराया 24 रुपये बनता है। इतना ही किराया चारबाग से गोमतीनगर का भी बनेगा।
क्योंकि चारबाग से दोनों जगहों की दूरी करीब 13 किमी है। गणना के आधार पर ऑटो का कुल किराया करीब 73 रुपये बनता है।
ऐसे में एक सवारी को करीब 24 रुपये किराए के रूप में चुकाने होंगे। लेकिन ऑपरेटरों को चार सवारी बैठाने की छूट दी गई तो कि राया 19 से 20 रुपये तक लिया जा सकता है। ऑटो ऑपरेटर संघ के मुताबिक नए किराए की गणना से पहले नए रूट की दूरी भी नापी गई है।
बुधवार को जारी होने वाली सूची में किराए के साथ ही गंतव्य की दूरी भी अंकित की जाएगी ताकि नए किराए को लेकर कोई विवाद न हो।
दूसरी तरफ टैंपो-टैंक्सी महासंघ के उपाध्यक्ष राजेश राज ने बताया कि मंगलवार को ड्राइवरों ने पुराना ही किराया वसूला। उन्होंने कहा कि इस बढ़े रेट से ऑटो संचालकों को कोई फायदा नहीं होने वाला।
प्राधिकरण ने सिटी बस को भेजी अधिसूचना
राज्य परिवहन प्राधिकरण ने मंगलवार को लखनऊ सिटी बस ट्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी के अध्यक्ष एवं लखनऊ के मंडलायुक्त को किराए बढ़ाने जाने की अधिसूचना भेज दी है।
वहीं कंपनी के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (वित्त) को अधिसूचना की प्रतिलिपि मुहैया करा दी, लेकिन नए किराए की गणना नहीं हो सकी।
प्रबंध निदेशक ए. रहमान ने बताया कि जब तक मुझे अधिसूचना नहीं मिलेगी तब तक किराया बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू नहीं होगी।
मंगलवार को यात्रियों से पुराना किराया ही वसूला गया। लेकिन सूत्रों ने बताया कि कंपनी बुधवार को सिटी बस के नए रेट की सूची जारी कर देगी।