बिजलीघर निर्माण के लिए पिलर बनाते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ। मोहान रोड के करीब 22 हजार उपभोक्ताओं के बिजली संकट को दूर करने के लिए नया 33/11 केवी क्षमता का बिजलीघर बनाने का काम शुरू हो गया है। पहले चरण में सिविल इकाई कंट्रोल रूम भवन का निर्माण कर रही है। फरवरी के पहले हफ्ते में गोमतीनगर में नए बिजलीघर की नींव रखी जाएगी।
अमौसी जोन के अभियंताओं ने बताया कि काकोरी मोड़ पर एफसीआई उपकेंद्र के परिसर में करीब 10 करोड़ की लागत से दूसरा बिजलीघर बन रहा है। इसे 132 केवी मोहान रोड ट्रांसमिशन उपकेंद्र से जोड़ा जाएगा जिसके लिए 33 केवी डबल सर्किट की भूमिगत लाइनें बनेंगी। इस बिजलीघर को बनाने में करीब आठ माह का समय लगेगा। उम्मीद है कि यह सितंबर तक चालू हो जाएगा। वर्तमान में एफसीआई उपकेंद्र से करीब तीन किमी के दायरे में बिजली आपूर्ति होती है। इससे काकोरी मोड़, काकोरी रोड, मोहान रोड, मुनेश्वरपुरम, हर्ष विहार, प्रभातपुरम, बुद्धेश्वर, भपटामऊ सहित 20 इलाकों के 22 हजार उपभोक्ताओं को गर्मियों में बिजली संकट से राहत मिलेगी।
गोमतीनगर में पहले विशेषखंड बिजलीघर बनेगा
गोमतीनगर में करीब 32 करोड़ की लागत से दो बिजलीघर विशेषखंड व विनम्रखंड में बनने हैं। गोमतीनगर जोन के मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने बताया कि विनम्रखंड में पेड़ ज्यादा होने से सिविल इकाई ने वन विभाग से उन्हें काटने के लिए एनओसी मांगा है। ऐसे में सिविल इकाई विशेषखंड में पहले काम शुरू करेगा। इसकी नींव रखने की तैयारी चल रही है।