एडीसीपी कार्यालय के पास बनेगा पुल, रिवरफ्रंट के दोनों किनारे जुड़ेंगे
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। गोमती नदी पर पैदल पुल(पेडेस्ट्रियन ब्रिज) के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। 54 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस 180 मीटर लंबे पुल को शासन ने मंजूरी दे दी है। 18 महीने में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। शासन वसे पहली किश्त 18.90 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दी गई है। पैदल पुल ‘मुस्कुराइए की आप लखनऊ में हैं’ की थीम पर बनाया जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अहमदाबाद के अटल ब्रिज की तर्ज पर गोमती नदी पर एडीसीपी ऑफिस के पास यह पुल बनाया जाएगा। यह रिवर फ्रंट के दोनों किनारों को जोड़ेगा। ब्रिज के लिए आर्किटेक्ट डिजाइन प्रतियोगिता कराई गई थी, जिसमें देशभर के 25 आर्किटेक्ट संस्थाओं ने हिस्सा लेते हुए ड्राइंग-डिजाइन भेजे थे। ज्यूरी पैनल ने मुंबई की संस्था आरवैम्प स्टूडियो की डिजाइन को चुना है। यहां ब्रिज बनने से गोमती नदी के दाएं किनारे पर लोगों की आवाजाही बढ़ेगी और वहां विकसित क्रिकेट स्टेडियम, विवाह स्थल, किड्स प्ले एरिया, एम्फीथिएटर, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, वॉटर स्पोर्ट्स का लुत्फ उठा सकेंगे। उन्होंने आगे बताया कि ब्रिज 180 मीटर लंबा होगा। जबकि रैम्प व प्लेटफार्म को मिलाकर इसकी कुल लंबाई 380 मीटर तक होगी। लोग आसानी से चहलकदमी कर सके, इसके लिए ब्रिज की चौड़ाई 12 मीटर रखी जाएगी। ब्रिज के स्ट्रक्चर को संभालने के लिए 13 पीयर्स बनाए जाएंगे। पुल के तल पर 30 मीटर और 40 मीटर चौड़े स्पैन प्लेट गर्डर्स दिए जाएंगे, जहां लोग खड़े होकर नदी का नजारा देख सकेंगे। इसके अलावा स्टील ट्यूबलर सेक्शन से ब्रिज के किनारों की संरचना की जाएगी। पुल ‘मुस्कुराइए की आप लखनऊ में हैं’ की स्माइलिंग थीम पर होगा, जिसकी झलक इसकी डिजाइन में भी दिखेगी। पुल पर स्ट्रीट, बोलार्ड व फ्लोर लाइटें लगवाई जाएंगी। इससे रात में भी पुल की सुंदरता निखरकर आएगी।