संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने वित्तमंत्री की भी जिम्मेदारी संभाल ली। उन्होंने अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव कुमार मित्तल व वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ लंबी बैठक की और विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी हासिल की। उन्होंने बजट का लाभ पात्र लाभार्थी तक पहुंचे, इसके लिए कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
योजनाओं की प्रगति जमीन पर दिखनी चाहिए : राजेंद्र
नवनियुक्त ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ‘मोती सिंह’ ने कहा कि ग्राम्य विकास की योजनाओं के काम कागज पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने चाहिए। अधिकारियों को कार्य प्रणाली में सुधार का मौका दिया जाएगा। सुधार न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डालीबाग स्थित उप्र ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (यूपीआरआरडीए) में बैठक में यूपीआरआरडीए के तहत निर्मित सड़कों का समय-समय पर भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिलाओं को राष्ट्रीय आजीविका मिशन से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। ग्राम्य विकास राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सभी सड़कों की फोटोग्राफी की जाए ताकि उनके रखरखाव की सही जानकारी प्राप्त हो सके।
अल्पसंख्यक कल्याण का प्रभार मिलने के बाद राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने विभाग का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ बैठक की। दोपहर में इंदिरा भवन के छठे तल पर स्थित विभाग के प्रत्येक कक्ष में कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं पूछीं। साथ ही संयुक्त सचिव के कार्यालय के बाहर बैठे फरियादियों से भी मिले। निरीक्षण के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण सचिव एसएन पांडेय और आरपी सिंह के कक्ष में न मिलने पर मोहसिन ने नाराजगी जताई। हालांकि निरीक्षण के दौरान ही दोनों अधिकारी वहां पहुंच गये।
युवाओं को हुनरमंद बनाकर देंगे रोजगार: कपिल देव
व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने भी कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ परिचय बैठक में कहा कि कौशल विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता वाला विभाग है।
प्राविधिक शिक्षा की कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण और महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने भी कार्यभार संभाल लिया है।
इन्होंने भी कार्यभार ग्रहण किया
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी और श्रीराम चौहान ने भी कार्यभार ग्रहण किया।