स्वतंत्रता दिवस पर कौशल विकास मिशन ने कौशल संपर्क क्यूआर कोड लॉन्च किया। अब QR कोड ट्रेनिंग सेंटर की सच्चाई बताएगा। इसी से युवाओं का सुझाव और शिकायत दर्ज हो जाएगी। युवाओं को एआई और सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण देने के लिए दो एमओयू भी किए गए हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर...
कौशल विकास मिशन को नई तकनीक और पारदर्शिता से जोड़ते हुए स्वतंत्रता दिवस पर एक नई पहल शुरू की गई है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन मुख्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और नई पहलों के साथ मनाया गया।
विज्ञापन
इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं की बात सीधे मिशन तक पहुंचाने के लिए कौशल संपर्क क्यूआर कोड की शुरुआत की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मिशन निदेशक पुलकित खरे ने ध्वजारोहण करके की। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को नमन किया।
इस अवसर पर मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि स्वतंत्रता हमें अपने अधिकारों के साथ अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराती है। सरकार उत्तर प्रदेश को कौशल-संपन्न और आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिशन के माध्यम से लगातार नई पहल कर रही है। आज के समय में युवाओं को रोजगारपरक कौशल के साथ नई तकनीकों और सॉफ्ट स्किल्स की जानकारी देना जरूरी है। कौशलयुक्त युवा अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ प्रदेश के विकास में भी योगदान देता है।
विज्ञापन
समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
- फोटो : विभाग
व्यक्तित्व विकास और रोजगार की तैयारी बेहतर होगी
समारोह के दौरान युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ने के लिए आईटीपी तीव्र एजुकेशन टेक प्राइवेट लिमिटेड और फुल्गोर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के साथ दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इनके माध्यम से युवाओं को एआई और सॉफ्ट स्किल का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। ताकि, उनकी तकनीकी जानकारी के साथ संवाद क्षमता, व्यक्तित्व विकास और रोजगार की तैयारी बेहतर होगी।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए कौशल संपर्क क्यूआर कोड का शुभारंभ किया गया। ट्रेनिंग सेंटर पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करके युवा बता सकेंगे कि ट्रेनिंग कैसी चल रही है, उन्हें क्या अच्छा लगा और क्या बेहतर किया जा सकता है। इसके साथ ही वे अपनी शिकायत या सुझाव भी दर्ज करा सकेंगे।
कौशल वाटिका का भी उद्घाटन किया गया।
- फोटो : विभाग
केंद्रों की निगरानी और गुणवत्ता में सुधार होगा
इस व्यवस्था से प्राप्त फीडबैक सीधे मिशन तक पहुंचेगा। इससे प्रशिक्षण केंद्रों की निगरानी और गुणवत्ता में सुधार होगा। वहीं मुख्यालय परिसर में कौशल वाटिका का भी उद्घाटन किया गया। इसका उद्देश्य हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।
विश्व युवा कौशल दिवस पर 15 जुलाई को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर मिशन निदेशक पूजा मिश्रा, संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार, वित्त नियंत्रक संदीप कुमार, सहायक निदेशक डॉ. एम.के. सिंह, सहायक निदेशक पवित्रा टंडन, सीओओ आशीष कुमार सहित मिशन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।