लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में मरीजों की सुविधा बढ़ाने के लिए गांधी वार्ड के सामने नया एचआरएफ (हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड) काउंटर जल्द शुरू होगा। करीब एक हजार वर्गफीट में बने इस काउंटर का निर्माण पूरा हो चुका है। जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। इसके शुरू होने से मरीजों को दवाओं के लिए अलग-अलग काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अभी गांधी वार्ड में केवल एक छोटा एचआरएफ काउंटर है, जहां अक्सर भीड़ रहती है और सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं हो पातीं। नए काउंटर पर दवाओं की बेहतर व्यवस्था रहेगी, जिससे मरीजों और तीमारदारों का समय और परेशानी दोनों कम होंगे।
एचआरएफ के अध्यक्ष डॉ. कुमार शांतनु ने बताया कि नए काउंटर से गांधी वार्ड के अलावा न्यूरोलॉजी, डायलिसिस, आईसीयू, ऑर्थोपेडिक तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के मरीजों को भी आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बच्चों के मरीजों को भी मिलेगा लाभ
अब तक पीडियाट्रिक विभाग का अलग एचआरएफ काउंटर नहीं था। इसके कारण बच्चों के परिजनों को दवाओं के लिए दूसरे काउंटरों पर जाना पड़ता था। नया काउंटर शुरू होने के बाद पीडियाट्रिक विभाग के मरीजों को भी यहीं से दवाएं मिल सकेंगी।