रायबरेली। जिले में लागू होने वाला नया सर्किल रेट अभी आपत्तियों के निस्तारण की जांच के दायरे में है। रजिस्ट्री कार्यालय से निस्तारण के बाद अब एडीएम वित्त एवं राजस्व अमृता सिंह के स्तर से आपत्तियों के निस्तारण की जांच की जा रही है। इसके बाद ही नए सर्किल रेट की प्रस्तावित दरों को अनुमोदित कर सर्किल रेट की नई दरों को अगले सप्ताह से लागू किए जाने की तैयारी है। नए सर्किल रेट लागू होने से भू संपत्तियों की कीमतों में 25 प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी की संभावना है।
जिले में जमीन के निर्धारित सरकारी रेट की तुलना में बाजारी मूल्य दो गुना से भी अधिक है। ऐसे में सरकार को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस अंतर को दूर करने के लिए शासन की मंशा के अनुरूप सर्किल रेट में इस बार 20 से 25 प्रतिशत तक सर्किल रेट को बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव पर मांगी गई आपत्तियों को निस्तारित करके रजिस्ट्री कार्यालय ने तैयार प्रस्ताव एडीएम को भेजा था। आपत्तियों के निस्तारण को लेकर आशंका होने पर एडीएम ने इनके निस्तारण की दोबारा जांच शुरू की है।
पूर्व में शहर के दाउदनगर, गढ़ी खास, किशुनपुर रामचंदर, भांव, चकनिजाम, उफरामऊ, धुन्नी सिंह नगर, डलमऊ के मधुकरपुर और महराजगंज के समसपुर हलोर में पुराना सर्किल रेट रखने की मांग की गई, लेकिन व्यवसायिक गतिविधियां अधिक होने के कारण आपत्तियों को खारिज कर दिया गया है। इन क्षेत्रों को विकासशील क्षेत्र में ही शामिल किया गया है।
नए सर्किल रेट को लागू करने की प्रक्रिया चल रही है। आपत्तियों की क्रास चेकिंग कराई जा रही है। अगले माह के पहले सप्ताह तक डीएम से अनुमोदन लेकर नए सर्किल रेट को लागू कराया जाएगा। - अमृता सिंह, एडीएम (वित्त एवं राजस्व)