पहाड़ जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
सेकेंड फेज में ट्रेनों को पटरी पर उतारा जाएगा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। स्लीपर बोगियों वाली दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें गोमतीनगर रेलवे स्टेशन को मिली हैं। बिहार व पश्चिम बंगाल से आने वाली ये ट्रेनें यात्रियों को राहत देंगी। वहीं अब सेकेंड फेज में जम्मू, चंडीगढ़ व देहरादून के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी है। इसे लेकर मंथन शुरू कर दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि तीन महीने के अंदर ट्रेनें पटरी पर उतर आएंगी।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दरभंगा व मालदाटाउन से गोमतीनगर के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। दरभंगा से गोमतीनगर आने वाली अमृत भारत 24 जुलाई से नियमित रूप से शुरू हुई, जबकि मालदाटाउन से आने वाली ट्रेन 26 से नियमित चलेगी। जबकि अयोध्या से आनंदविहार के बीच अमृत भारत ट्रेन चल रही है। ऐसे में अब यात्रियों की मांग है कि उत्तर भारत के प्रमुख स्टेशनों के लिए लखनऊ या लखनऊ के रास्ते अमृत भारत ट्रेनों की सौगात दी जाए। दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने कहाकि ऐसा होने से लखनऊ से जम्मू, चंडीगढ़, देहरादून जाने वाले यात्रियों को खासी राहत हो जाएगी। रेलवे बोर्ड के अधिकारी बताते हैं कि मध्यवर्गीय यात्रियों की सुविधा के लिए अमृत भारत ट्रेनों पर जोर दिया जा रहा है। इसका नया वर्जन और भी सुविधाओं से युक्त है। लखनऊ से जम्मू के लिए अभी बेगमपुरा प्रमुख रूप से चलती है। जबकि देहरादून के लिए वंदे भारत व चंडीगढ़ के लिए लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस प्रमुख ट्रेनें हैं। ऐसे में अब अमृत भारत ट्रेनों के पटरी पर आने से यात्रियों को वेटिंग के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। उन्हें महंगे बस व हवाई टिकट पर यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।