लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के नर्सिंग कॉलेज में नियमित भर्ती के लिए नया विज्ञापन जारी कर दिया गया है। वर्ष 2022 में इनका विज्ञापन जारी किया गया था, जो पिछले महीने रद्द कर दिया गया था। इन पदों पर आवेदन ऑफलाइन लिए जाएंगे।
संस्थान के नर्सिंग कॉलेज में कुल नौ पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। इनमें से दो पद ट्यूटर के हैं। प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल के एक-एक, दो पद एसोसिएट प्रोफेसर और तीन पद असिस्टेंट प्रोफेसर के हैं। 30 जून तक आवेदन सिर्फ स्पीड पोस्ट से ही लिए जाएंगे।
प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल पर भर्ती साक्षात्कार के आधार पर होगी। अन्य पदों पर लिखित परीक्षा से स्क्रीनिंग करने के बाद साक्षात्कार के आधार पर भर्ती की जाएगी। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए आवेदन फीस 1180 और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 708 रुपये है। दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क नहीं देना होगा।