तरबगंज (गोंडा)। खानपुर गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की शनिवार की देर रात अपने भतीजे से भिड़ंत हो गई। इसी बीच हुई कहासुनी के दौरान चाचा ने भतीजे को गला दबाकर कर मार डाला। भतीजे को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना तरबगंज में आरोपी चाचा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना तरबगंज क्षेत्र के खानपुर गांव के रहने वाले सियाराम ने बताया कि शनिवार की रात 8 बजे उसका बेटा अजय (17) अपने मड़हे के पास था तभी अजय का चाचा कालीदीन शराब के नशे में धुत होकर पहुंचा और अजय से भिड़ गया। अजय उसे बाइक से गिरने से बचाने का प्रयास करने लगा। इसी कालीदीन को लगा कि अजय उससे बाइक छीन रहा है और उससे भिड़ गया।
इसी बीच कालीदीन ने अजय का गला दबाकर मार डाला। परिवार के लोग अजय को सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सियाराम ने थाना तरबगंज में कालीदीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ केसी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।