केंद्रीय विद्यालय भिनगा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसीश्रावस्ती। राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को केंद्रीय विद्यालय भिनगा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। इस दौरान परीक्षा केंद्र से आठ परीक्षार्थी नदारद रहे। कुल पंजीकृत 447 के सापेक्ष 439 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के दौरान कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते नहीं मिला।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की सघन जांच कराई गई। जांच के दौरान परीक्षार्थियों की घड़ी, बेल्ट, जूता, मोबाइल व पर्स सहित अन्य सामान परीक्षा केंद्र के बाहर ही रखवाया गया। केंद्र के अंदर उन्हें सिर्फ प्रवेश पत्र, पेन व पारदर्शी पानी की बोतल ही ले जाने की अनुमति दी गई थी। परीक्षार्थियों को बायोमेट्रिक अपडेशन के लिए सुबह 11 बजे से ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कराया गया। दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित इस परीक्षा में कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते नहीं मिला। परीक्षा के दौरान केंद्र पर तहसीलदार भिनगा जागृति सिंह, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य एके सिंह व लव विद्यापीठ के प्रधानाचार्य अनुराग पाठक सहित अन्य मौजूद रहे।
धूप में इंतजार करते रहे अभिभावक
परीक्षार्थी और उनके परिजन सुबह 10 बजे से ही परीक्षा केंद्र पहुंचने लगे थे। केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों को 11 बजे प्रवेश मिला। वहीं परीक्षा केंद्र के बाहर अभिभावकों के बैठने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। ऐसे में उन्हें जिला पंचायत गेट के पास लगे पेड़ का सहारा लेना पड़ा। परिजन चिलचिलाती धूप व गर्म हवाओं के बीच परीक्षार्थियों का शाम पांच बजे तक केंद्र के बाहर इंतजार करने को विवश दिखे।