आज हो सकती है सुनवाई
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की ओर से फरवरी में अंसल को दिवालिया घोषित करने के विरोध में एनसीएलएटी बृहस्पतिवार को फिर सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट में और दूसरे केसों पर सुनवाई होती रही, लेकिन अंसल मामले का नंबर ही नहीं आया। इससे केस को लेकर बहस नहीं हो सकी। शुक्रवार को फिर से केस लगाया गया है। सुनवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
आवंटी व निवेशक गगन टंडन ने बताया कि बीती एक जुलाई को केस लगा था। मगर दूसरे केसों के चलते नंबर नहीं आया था। जिसके बाद 16 जुलाई की तारीख कोर्ट ने प्राथमिकता के आधार पर लंच से पहले लगाने को कहा था। ऐसा हुआ भी, मगर जो केस आगे लगे थे, उन पर ही कई घंटे बहस चली। इससे अंसल मामले का नंबर ही नहीं आ पाया। इसके बाद कोर्ट ने फिर 23 जुलाई की तारीख तय की थी, लेकिन जो केस पहले लगे थे, उन्हीं की सुनवाई में पूरा समय चला गया। इसके बाद 31जुलाई की तारीख लगाई गई थी, लेकिन फिर सुनवाई नहीं हो सकी। गगन का कहना है कि यह कोर्ट की कार्यवाही है, जिस पर कुछ कहा नहीं जा सकता। जो केस पहले लगे होंगे उनकी सुनवाई पूरी होने के बाद ही नंबर आएगा। ऐसे में इंतजार करना पड़ेगा। उम्मीद है कि शुक्रवार को जब केस की सुनवाई होगी तो फैसला अंसल के आवंटियों के पक्ष में ही आएगा। जब तक फैसला नहीं आएगा, तब तक स्थगन आदेश प्रभावी रहेगा। जिसके तहत कोई तीसरा पक्ष अंसल टाउनशिप को टेक ओवर नहीं कर पाएगा। जिससे आवंटियों का हित सुरक्षित रहेगा।