लखनऊ। यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें एनसीईआरटी की किताबें खरीदने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में सस्ती दर पर किताबें उपलब्ध कराने के लिए राजधानी के प्रत्येक ब्लॉक में स्टॉल लगाए जाएंगे। यह निर्णय जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राकेश कुमार ने लिया है।
अमर उजाला में बीते सप्ताह प्रकाशित खबर में कक्षा 9वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को किताबें न मिलने की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। राजकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 44 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं किताबों के अभाव में पढ़ाई से जूझ रहे थे। निर्धारित विक्रय केंद्र न होने के कारण अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खबर का संज्ञान लेते हुए डीआईओएस ने प्रत्येक ब्लॉक में चाचा प्रिंटर्स एंड पब्लिशर्स, जैती खेड़ा को पुस्तक विक्रय के लिए स्टॉल लगाने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित तिथियों पर यहां लगेंगे स्टॉल:
6 मई — काशीश्वर इंटर कॉलेज, मोहनलालगंज
7 मई — यूपी राजकीय सैनिक इंटर कॉलेज, सरोजनीनगर
8 मई — राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गोमतीनगर (सदर)
9 मई — बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज, काकोरी
10 मई — राम पाल त्रिवेदी इंटर कॉलेज, गोसाईंगंज
12 मई — महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, मलिहाबाद
13 मई — वीरांगना ऊदा देवी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मॉल
14 मई — राष्ट्रपिता महात्मा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सदर
15 मई — बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज, बीकेटी