उर्दू विवि में अब एनसीसी गर्ल्स विंग भी
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती उर्दू, अरबी-फारसी विश्वविद्यालय में नए सत्र 2019-20 में एनसीसी की गर्ल्स विंग को हरी झंडी मिल गई है। विवि में 50 छात्राओं को एनसीसी में प्रवेश देकर प्रशिक्षित किया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को कुलपति प्रो. माहरूख मिर्जा व 20 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग अधिकारी कर्नल अरुण सूर्यवंशी व 64 यूपी एनसीसी के कर्नल उत्तम के साथ हुई बैठक में हुआ।
एनसीसी के अधिकारियों ने विवि का भ्रमण किया। उन्होंने मुख्य परिसर, शैक्षणिक भवन, पुस्तकालय, जिमनेजियम आदि देखा, जिसके बाद उन्होंने 50 सीटों के आवंटन पर सहमति दी। अभी एनसीसी पुरुष की 25 सीटें आवंटित हैं। कुलपति प्रो. मिर्जा ने बताया कि एनसीसी सर्टिफिकेट के महत्व को देखते हुए विवि ने एनसीसी गर्ल्स विंग लाने की कवायद की थी, जिसमें सकारात्मक सफलता मिली। निरीक्षण में रुचिता सुजय चौधरी, डॉ. मुकेश कुमार आदि शिक्षक उपस्थित रहे।