लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं वाहिनी, लखनऊ की टीम ने विद्यार्थियों को आपात स्थिति में बचाव और राहत कार्यों के तरीके सिखाए।
एनडीआरएफ के अवर निरीक्षक अनिल सिंह के नेतृत्व में टीम ने विद्यार्थियों को सीपीआर देने, घाव होने पर प्राथमिक उपचार करने और बाढ़ के दौरान सावधानी बरतने की जानकारी दी। साथ ही लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और अग्निशामक यंत्रों के सही इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा के समय लोगों की मदद करने और जान बचाने के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग के डॉ. नीरज आर्य, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मणि त्रिपाठी और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना सिंह मौजूद रहीं। एनएसएस बॉयज यूनिट के कैप्टन ग्रंथ सिंह, गर्ल्स यूनिट की कैप्टन सौम्या सिंह सहित स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया।