शपथ लेते बसपा के भीमराव अंबेडकर और सपा के नरेश उत्तम पटेल।
- फोटो : amar ujala
विधान परिषद के लिए नव निर्वाचित सपा और बसपा के सदस्यों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधानभवन में सभापति रमेश यादव ने सपा के नरेश उत्तम पटेल और बसपा के भीमराव अंबेडकर को शपथ दिलाई। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, अहमद हसन समेत सपा और बसपा के कई नेता मौजूद थे।
मालूम हो कि मंगलवार को भाजपा और अपना दल के सदस्यों ने शपथ ली थी। सभापति ने भाजपा के राज्यमंत्री मोहसिन रजा, अशोक कटारिया, अशोक धवन, ठाकुर जयवीर सिंह, बुक्कल नवाब, यशवंत सिंह, विजय बहादुर पाठक, विद्यासागर सोनकर, सरोजनी अग्रवाल और अपना दल (एस) के अध्यक्ष आशीष सिंह पटेल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। इन सदस्यों के साथ उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा समेत अन्य नेता मौजूद थे।
वहीं, सभापति ने 5 मई को रिटायर हुए सदस्यों का विदाई समारोह भी मंगलवार को ही रखा था। इसमें पहुंचे एकमात्र सदस्य रालोद के चौधरी मुश्ताक को डॉ. दिनेश शर्मा ने शॉल ओढ़ाकर और सभापति ने माला पहनाकर विदा किया। सपा-बसपा के निवर्तमान एमएलसी विदाई समारोह में नहीं पहुंचे।