अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व यूपी प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह पूंजीपतियों की एजेंट है। वह गरीब किसानों की जमीन छीनकर पूंजीपतियों के हवाले करना चाहती है।
गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी ने वहां कॉरपोरेट घरानों को कौड़ियों के दाम जमीनें दी थीं। मिस्त्री गुरुवार को गांधी भवन सभागार में प्रदेश कार्यकारिणी, जिला व शहर अध्यक्षों की बैठक में बोल रहे थे।
मिस्त्री ने कहा, मोदी अब पूरे देश में किसानों की जमीन पूंजीपतियों के हाथों में देना चाहते हैं। सड़कें बनाने और रेल पटरी बिछाने के लिए ली गई जमीन के इर्द-गिर्द एक किलोमीटर तक की जमीन बड़े बिल्डरों और व्यवसायियों को सौंपने के लिए प्रावधान किए जा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पूरे देश में इसका विरोध कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने कहा, केंद्र सरकार के भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। पूरे प्रदेश में यह प्रदर्शन 12 मई को होगा। इससे पहले सात से 10 मई के बीच प्रदेश के प्रत्येक ब्लाक मुख्यालयों पर इसकी तैयारी को लेकर बैठक होगी।