पद्मश्री से सम्मानित अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर डीजीपी राजीव कृष्ण और यूपी पुलिस परिवार ने शोक जताया है। डीजीपी ने कहा कि नाना पाटेकर ने अपने सशक्त और बहुआयामी अभिनय से भारतीय सिनेमा में अलग पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस की साइबर जागरूकता लघु फिल्म ‘स्कैम फाइल्स: डिजिटल अरेस्ट में नाना पाटेकर की भूमिका हमेशा याद रहेगी। वास्तविक घटना पर आधारित इस फिल्म का लोकार्पण 14 अगस्त 2026 को लखनऊ में हुआ था।
कार्यक्रम में नाना पाटेकर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी पुलिस के साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना की थी। डीजीपी ने कहा कि वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ लखनऊ में नाना पाटेकर की यह सार्वजनिक प्रस्तुति यूपी पुलिस के लिए हमेशा स्मरणीय रहेगी। उन्होंने शोकाकुल परिवार और उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताई।
यूपी पुलिस के मुताबिक फिल्म को सभी डिजिटल माध्यमों पर अब तक करीब 1.90 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं। फिल्म के जरिये लोगों को बताया गया है कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन या वीडियो कॉल पर डराकर पैसे मांगना साइबर ठगी का संकेत हो सकता है।