जवाहर लाल नेहरू अरबन रिन्यूअल मिशन (जेएनएनयूआरएम) के तहत राजधानी में
जगह-जगह किए जा रहे नाला निर्माण का काम बुरी तरह से पिछड़ रहा है।
ये काम
31 दिसंबर तक खत्म किए जाने हैं, मगर अधिकांश जगहों पर काम लक्ष्य से खासा
पीछे है। राजधानी के लिए जो कुल छह
डिस्ट्रिक्ट बनाए गए हैं, उनमें करीब 220 किलोमीटर तक नाले बनाया जाना था।
अभी तक सिर्फ 160 किलोमीटर तक ही नाला बनाया जा सका है।
बचे हुए तीन महीने
में काम पूरा करना नगर निगम के लिए चुनौती होगा। समीक्षा बैठक में इस
संबंध में अपर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इंजीनियरिंग विभाग को
तेजी से काम निपटाने अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है।
जानकीपुरम,
ठाकुरगंज, कैसरबाग और शहर के अनेक इलाकों में जेएनएनयूआरएम के तहत नगर
निगम नालों का निर्माण करवा रहा है। बारिश के दौरान शहर में जलभराव से ये
नाले निजात दिलाएंगे और साथ ही जलनिकासी के लिए हर मौसम में मदद करेंगे।
मगर वर्ष-2010 से जारी काम अभी भी खासा पिछड़ा हुआ है। इसको लेकर गुरुवार
को हुई समीक्षा बैठक में सच सामने आया। पिछले महीने तक डिस्ट्रिक्ट-2 का
काम सबसे पीछे था। यहां 40 फीसदी कम काम हुआ है।
जबकि डिस्ट्रिक्ट-1 का काम
सबसे बेहतर चल रहा है। यहां निर्धारित लक्ष्य से मात्र 4 फीसदी काम कम हुआ
है। पीके श्रीवास्तव ने बताया कि, इंजीनियरों को हिदायत दे दी है कि अब इस
महीने में काम को दोगनी तेजी से पूरा कराया जाए।