फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: पुष्पवर्षा के बीच धूमधाम से निकला नगर कीर्तन

Mon, 30 Dec 2024 01:52 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
नगर कीर्तन में शामिल बच्चे।
विज्ञापन
लखनऊ। विशेष फूलों से सजे दरबार के आगे श्रद्धालुओं का एक जत्था वाहे गुरु, वाहे गुरु की जय... कर रहा था। एक जत्था शाही सवारी के मार्ग को साफ कर रहा था तो दूसरा पुष्प बिछा रहा था। गाजे-बाजे के साथ विभिन्न स्कूलों के बच्चे प्रस्तुतियां दे रहे थे। मौका था सिखों के दसवें गुरु साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित भव्य नगर कीर्तन का।
विज्ञापन


नगर कीर्तन गुरुद्वारा नाका हिंडोला से चला तो सड़क के दोनों तरफ श्रद्धालुओं की खचाखच भीड़ जमा थी। श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के दर्शन को भीड़ उमड़ पड़ी। नगर कीर्तन के दौरान परंपरागत वेशभूषा से सुसज्जित पंज प्यारे अपने हाथों में खुली कृपाण लेकर शोभा बढ़ा रहे थे। उनके पीछे फूलों से सुसज्जित भव्य पालकी साहिब को श्रद्धालु लेकर चल रहे थे। साथ ही श्री गुरुग्रंथ साहिब जी को ज्ञानी गुरजिंदर सिंह चांवर कर रहे थे।

नगर कीर्तन चारबाग, गुरुनानक मार्केट, बांसमंडी चौराहा, लाटूश रोड, मोहन मार्केट, अमीनाबाद, गनेशगंज, नाका हिंडोला होता हुआ गुरुद्वारा साहिब वापस पहुंचा। यहां श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की शाही सवारी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ पेश किया गया। पूरे मार्ग पर पंजाब हसदा बैंड ने फौजी अंदाज में प्रस्तुतियां दीं। शहीद बाबा दीप सिंह गतका ग्रुप अमरोहा वालों ने युद्ध कलाओं का शानदार प्रदर्शन किया। कई श्रद्धालुओं ने स्टाॅल लगाकर समोसे, बिस्कुट व चाय का प्रसाद बांटा। दीवान हाल में रागी जत्था भाई राजिंदर सिंह के गायन गुरबाणी कीर्तन के बाद ज्ञानी गुरजिंदर सिंह ने कथा सुनाई।
विज्ञापन


अरदास के बाद बंटा गुरु का लंगर
अरदास के बाद समूह साध संगत में गुरु का लंगर बंटा। नगर कीर्तन में सिख यंग मेंस एसोसिएशन, सिमरन साधना परिवार, सुखमनी साहिब सेवा सोसाइटी, माता गुजरी सत्संग सभा, यूथ खालसा एसोसिएशन, पंजाबी यूथ एसोसिएशन, शिव शांति आश्रम समेत कई सिंह सभाओं ने हिस्सा लिया। अपनी यूनिफॉर्म और बैंड-बाजों के साथ गुरु नानक गर्ल्स इंटर काॅलेज, गुरु नानक डिग्री काॅलेज, गुरु नानक विद्यालय चंदर नगर की छात्राओं और खालसा इंटर काॅलेज के छात्रों ने मधुर गायन से सभी का मन मोह लिया। यूपी नवल यूनिट एनसीसी के 100 कैडेट ने भी हिस्सा लिया।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष डाॅ. अमरजोत सिंह ने बताया कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव (जन्मोत्सव) के उपलक्ष्य में पांच जनवरी को विशेष दीवान व कवि दरबार का आयोजन गुरुद्वारा नाका हिंडोला में किया जाएगा। छह जनवरी को ऐशबाग रोड स्थित डीएवी इंटर काॅलेज में गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहब यहियागंज लखनऊ में दीवान सजेगा। धार्मिक सचिव सरबजीत सिंह, कार्यालय सचिव दलजीत सिंह बग्गा, कोषाध्यक्ष सुरिंदर पाल सिंह (मोनू बख्शी) आदि की मौजूदगी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें