गोंडा। परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को विधायक बनकर फोन कॉल पर धमकी मिली है। कॉल करने वाले ने मोबाइल फोन पर कहा कि विधायक बोल रहा हूं... सलीके से रहोगे तो ठीक नहीं तो निपट जाओगे। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि कॉल करने वाला और कोई नहीं एक संविदा चालक ही था।
जांच में सच्चाई सामने आने पर सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक ने आरोपी संविदा चालक की सेवा समाप्त कर दी है। इससे पहले भी पांच संविदा कर्मियों की विभिन्न आरोपों में सेवा समाप्त की जा चुकी है। परिवहन निगम के गोंडा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धम कपिल देव सिंह ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई थी। फोन पर धमकी मिलने के बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक ने अधिकारियों को जानकारी दी। तय हुआ कि अगर किसी विधायक ने फोन किया होता तो अपना नाम जरूर बताता। मामला धमकी से जुड़ा होने के साथ ही कॉल पर संदेश हुआ तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर सेल ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के मोबाइल फोन पर आई सभी कॉल का सीडीआर निकालकर पड़ताल की। साइबर सेल ने पाया कि सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक को कॉल करने वाला और कोई नहीं बल्कि परिवहन निगम का चालक प्रदीप सिंह प्रथम है। पुलिस ने आरोपी संविदा चालक से पूछताछ की तो उसने सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक के मोबाइल फोन पर कॉल कर धमकी देने की बात बताई।
सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक कपिलदेव सिंह ने बताया कि आरोपी संविदा चालक प्रदीप सिंह प्रथम की सेवा समाप्त कर दी गई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि इससे पहले भी पांच संविदा कर्मी हंगामा व बवाल कर चुके हैं। जिनकी सेवा समाप्त की जा चुकी है।