सीतापुर। प्रधानी नहीं कर पाओगे... आज स्पष्ट बता दिया है आपको। मैं देख लेता हूं आप हरगांव में क्या हो और मैं क्या हूं... ये किसी फिल्म के डायलॉग नहीं हैं। हरगांव के खंड विकास अधिकारी के प्रधान प्रतिनिधि से बिगड़े बोल हैं। प्रधान प्रतिनिधि का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्रों का चयन खुली बैठक में करने के लिए बीडीओ से कह दिया था।
पीएमएवाई (ग्रामीण) के लिए पात्रों के सत्यापन का कार्य इन दिनों जनपद में तेजी से चल रहा है। डीएम अनुज सिंह और सीडीओ अक्षत वर्मा के स्पष्ट निर्देश हैं कि पात्रों को ही योजना का लाभ दिया जाए। इसके लिए सत्यापन और खुली बैठक भी करने के निर्देश अफसरों ने दिए हैं।
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो गया। इस ऑडियो में हरगांव के बीडीओ एक प्रधान प्रतिनिधि को धमका रहे हैं। पड़ताल में पता चला कि हरगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत बकसोहिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के सत्यापन में कर्मचारियों ने मनमानी की है।
इस पर प्रधान प्रतिनिधि जीतपाल सिंह ने आपत्ति दर्ज कराई। ब्लॉक के एक कर्मचारी ने जीतपाल के मोबाइल पर कॉल की और साहब (बीडीओ) से बात करने को कहा। प्रधान प्रतिनिधि ने बीडीओ का अभिवादन किया लेकिन उन्होंने इसका जवाब न देकर तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। बीडीओ ने कहा कि कमेटी की जांच से भी संतुष्ट नहीं हो।
जीतपाल ने जवाब दिया कि खुली बैठक बुला लीजिए। इस पर बीडीओ बिफर गए। उन्होंने कहा कि मैं अंतिम मौका देता हूं। प्रधानी नहीं कर पाओगे।