लखनऊ। गाेसाईंगंज सीएचसी में बेसिक हेल्थ वर्कर अनूप कुमार मौर्य की आत्महत्या की गुत्थी उलझ गई है। अब तक यह तय नहीं हो सका है कि अनूप ने नदी में कूदकर जान क्यों दी। हालांकि, हजरतगंज पुलिस इस बात का दावा जरूर कर रही है कि आत्महत्या के पीछे घरेलू कलह वजह हो सकती है।
इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि अनूप की आत्महत्या के मामले में परिजनों ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है और न ही खुलकर किसी पर कोई आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ऐसा लग रहा है कि अनूप ने घरेलू कलह से परेशान होकर आत्महत्या की है। परिजनों ने यह बताया है कि अनूप ने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी। उनका कहना है कि पुलिस अपने स्तर से अनूप की मौत की वजह तलाशने में जुटी है। उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट देखी जा रही हैं। पुलिस ने अनूप के सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र में चंद्रा पनोरमा अपार्टमेंट के फ्लैट को सील कर दिया है। अब परिजनों की मौजूदगी में फ्लैट को खोला जाएगा।
यह है पूरी घटना
सुलतानपुर के कूरेभार थानाक्षेत्र के सैद खानपुर में अयोध्या रोड रूशहा मठिया निवासी अनूप कुमार सुशांत गोल्फ सिटी में चंद्रा पनोरमा अपार्टमेंट में रहते थे। उनकी शादी कठौता निवासी नृत्यांजलि के साथ 18 अगस्त 2018 को हुई थी। नृत्यांजलि ऊटी में केंद्रीय विद्यालय में शिक्षिका हैं। दो दिन पहले वह मायके आई थीं। उनकी शनिवार को अनूप से फोन पर बात हुई थी। अनूप ने कहा था कि वह दोस्त से मिलने जा रहा है। मुलाकात के बाद वापस आ जाएंगे। देर रात तक अनूप के घर नहीं आने पर नृत्यांजलि ने दोबारा फोन किया था। शनिवार तड़के पांच बजे अनूप कार से समता मूलक पहुंचे और कार सड़क किनारे खड़ी की और नदी में कूदकर जान दे दी थी।