लखनऊ। जुमे की नमाज के बाद ऐशबाग ईदगाह स्थित इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में चीनी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद चीन के उत्पादों के बहिष्कार का ऐलान किया गया। ईदगाह इमाम व इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चैयरमैन मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि हमारे 20 जवानों की शहादत पर पूरे देश में गम और गुस्सा है। चीन को सबक सिखाने का वक्त आ गया है। तमाम हिंदुस्तानी चीन के उत्पादनों का बहिष्कार करें। मौलाना ने सरकार से मांग की कि चीन के साथ तमाम व्यापारिक समझौते रद्द कर दिए जाएं। आर्थिक तौर पर चीन को नुकसान पहुंचा कर ही उसको बैकफुट पर लाया जा सकता है। प्रदर्शन में मुख्य रूप से मौलाना मोहम्मद मुश्ताक, अदनान खां, शाहमीना शाह दरगाह के सज्जादानशीन पीरजादा शेख राशिद अली मीनाई, शफात हुसैन, मौलाना लतीफ आदि शामिल रहे। हिंदू समाज पार्टी ने दिया धरना हिंदू समाज पार्टी ने शुक्रवार को हजरतगंज स्थित पटेल प्रतिमा के समक्ष धरना देकर चीनी सरकार का विरोध किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे प्रदेश संगठन मंत्री मोहित मिश्रा ने चीन के सामान का बहिष्कार करने का संकल्प लिया।