लखनऊ। सचिवालय के समीक्षाधिकारी सुधीर सिंह से साइबर ठगों ने 1.78 लाख रुपये ठग लिए। शातिर ठगों ने फेसबुक पर जेनिफर जेम्स नाम की लंदन की युवती की फर्जी प्रोफाइल बनाकर समीक्षाधिकारी से दोस्ती की। इसके बाद तोहफे का पार्सल भेजने के नाम पर उनसे रुपये ठग लिए। समीक्षाधिकारी ने साइबर सेल में शिकायत करने के साथ ही हजरतगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। हजरतगंज पुलिस ने बताया कि साइबर ठगों ने फेसबुक और व्हाट्सएप पर लंदन की जेनिफर जेम्स नाम की युवती बनकर समीक्षाधिकारी से दोस्ती की थी। ठगों ने उन्हें अपनी बातों के जाल में फंसाकर चैटिंग शुरू कर दी। ठगों ने समीक्षाधिकारी को लंदन से कुछ तोहफे व पाउंड भेजने की जानकारी दी। उसने बताया कि टीएनटी कंपनी के जरिए उसके पास भारत में एक पार्सल आएगा, जिसमें तोहफे व पाउंड होंगे। 10 जून को समीक्षाधिकारी के पास कॉल आई और बताया गया कि लंदन से एक पार्सल मुंबई आया है, जिसके क्लीयरेंस के लिए 30500 रुपये का भुगतान करना होगा। उन्हें भारतीय स्टेट बैंक के ललित रावत का खाता नंबर भी दिया गया। समीक्षाधिकारी ने पेटीएम के जरिए उक्त भुगतान कर दिया। कुछ देर बाद उसी नंबर से फिर कॉल आई और बताया गया कि उक्त पार्सल में पाउंड्स भी हैं, जिन्हें भारतीय मुद्रा में बदलने के लिए 1.48 लाख रुपये देने होंगे। समीक्षाधिकारी ने अपने व मित्रों के जरिए उक्त रकम का भी भुगतान कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस बार रकम किसी पंकज कुमार के नई दिल्ली स्थित बैंक खाते में जमा कराई गई थी। यह रुपया भी जमा करने के बाद समीक्षाधिकारी को ठगों ने तीसरी बार फोन किया और विदेशी मुद्रा को भारतीय मुद्रा में बदलने के नाम पर 4.10 लाख रुपये मांगे। इस पर पीड़ित को शक हुआ और मुंबई एयरपोर्ट के टोल फ्री नंबर पर कॉल करके जानकारी ली तो पता चला उनके साथ धोखाधड़ी हो रही है।