राष्ट्रीय पसमांदा समाज के पदाधिकारियों ने प्रदेश की सपा सरकार पर करारा हमला बोलते हुए बसपा को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने इन नेताओं का स्वागत किया है।
सोमवार को गोमतीनगर स्थित एक होटल में समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजीज शाह भारतीय व राष्ट्रीय सलाहकार अब्दुल रऊफ हाशमी ने मौर्य की उपस्थिति में समर्थन की घोषणा की।
इस मौके पर मौर्य ने कहा कि बसपा हमेशा मुसलमानों के हितों को लेकर सजग रही है। बसपा के शासनकाल में मुसलमानों के लिए तमाम कल्याणकारी कार्य किए गए हैं।
18 शर्तों पर सपा को दिया था समर्थन
हाशमी ने कहा कि पसमांदा समाज ने सपा को 18 शर्तों पर समर्थन दिया था, पर समाज के अध्यक्ष रहे अनीस मंसूरी ने पसंमादा मुस्लिम समाज को सपा के हाथ बंधक बना दिया।
उन मुद्दों पर कार्यवाही दूर दो साल में छोटे-बड़े 115 दंगों की वजह से मुसलमान अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
समाज महसूस करता है कि बसपा राज में कोई दंगा नहीं होता। प्रदेश में चार-चार बार बसपा की सरकार बनी कभी दंगा नहीं हुआ।
मुसलमान अपने को सुरक्षित महसूस करते हैं। ऐसे में समाज ने बसपा सुप्रीमो मायावती को केंद्र के सरकार की सत्ता की चाबी दिलाने के लिए बसपा को समर्थन देने का फैसला किया है।
कहीं नहीं मोदी लहर, यूपी से हार कर जाएंगे: मौर्य
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी में मोदी लहर जैसी कोई चीज नहीं है।
यहां से अन्य प्रत्याशियों की बात छोडि़ए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह व उनके पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी तक चुनाव हार कर जाएंगे।
बीजेपी के झूठ का पर्दा कई बार हट चुका है। अब कांठ की हांडी बार-बार चढऩे वाली नहीं है।
उन्होंने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव पर रेपिस्ट को फांसी की सजा के खिलाफ दिए गए बयान की कड़ी आलोचना की है।