लखनऊ में पारा के बुद्धेश्वर बादलखेड़ा निवासी योगेश कुमार पाल (27) की बेरहमी से हत्या कर शव मंगलवार देर रात सीतापुर के पिसवा थाना क्षेत्र के सरियापुर-फुकहा मार्ग किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह सीतापुर पुलिस ने शव की शिनाख्त की, जिससे गुमशुदगी की गुत्थी खुली।
दरअसल, 29 सितंबर की शाम करीब 6 बजे योगेश ने पत्नी वंदना से कहा कि वह दोस्त की पत्नी को लेने के लिए सीतापुर जा रहा है। इसके बाद वह बुकिंग लेकर अपनी कार से निकला। लेकिन, उसी रात से लापता हो गया। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई।
परिजनों ने कराई थी गुमशुदगी
अगले दिन भी कोई जानकारी न मिलने पर उसके ससुर बद्री, निवासी डालखेड़ा (उन्नाव) ने पारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच मंगलवार देर रात ग्राम प्रधान रमेश यादव ने सूचना दी कि गांव के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा है। इंस्पेक्टर पिसवा वीरेंद्र सिंह तोमर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव बरामद किया। शिनाख्त के लिए शव की तस्वीरें आसपास के जनपदों में भेजी गईं। बृहस्पतिवार सुबह पुष्टि हुई कि मृतक लखनऊ निवासी कार मालिक योगेश पाल है।
शव की हालत ने हत्या की बर्बरता को साफ किया। दोनों हाथ पीछे बंधे थे और पूरे चेहरे पर टेप चिपकाई गई थी। तलाशी लेने पर उसके कपड़ों से न मोबाइल मिला, न ही पैसे। कार भी गायब थी। साफ है कि पहले योगेश से मारपीट और लूटपाट की गई और फिर उसकी हत्या कर शव फेंक दिया गया।
पुलिस को मिला बड़ा सुराग
घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एडिशनल एसपी दक्षिणी दुर्गेश प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी वारदात का जायजा लिया। जांच में एक बड़ा सुराग भी मिला है।
खैराबाद टोल प्लाजा के पास लगे सीसीटीवी में योगेश की कार जाते हुए दिखाई पड़ी। फुटेज में कार के अंदर एक अन्य युवक भी बैठा नजर आ रहा है, जिसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक, सीतापुर पुलिस की दो टीम, पश्चिमी डीसीपी की क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम समेत कई टीमें घटना की जांच में जुटी हैं।
अब तक 20 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा चुके हैं। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह का कहना है कि लूट और हत्या के अलावा अन्य एंगल पर भी जांच जारी है। पत्नी से यह कहकर निकले युवक का शव दो दिन बाद झाड़ियों में बरामद होना सवाल खड़े करता है कि आखिर इस साजिश के पीछे कौन है? पुलिस जल्द ही आरोपियों की पहचान कर पर्दाफाश का दावा कर रही है।