लखनऊ। कैसरबाग इलाके में बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे होली पर डीजे बजाने को लेकर झगड़े में नगर निगम के कर्मचारी पप्पू सोनकर को मोहल्ले के ही एक दबंग ने चार गोलियां मार दीं। आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए भाग गया। पप्पू को बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस तलाश में दबिश दे रही है।
कैसरबाग इलाके के घसियारी मंडी निवासी पप्पू सोनकर (36) नगर निगम में सुपरवाइजर था। बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे पप्पू मोहल्ले में ही दोस्तों संग डीजे पर डांस कर रहा था। तभी घर के पास ही नजीराबाद में रहने वाला लल्ली सोनकर उर्फ बृजकिशोर आया और डीजे बजाने पर आपत्ति कर पप्पू व उसकी पत्नी रूमा से गाली-गलौज करने लगा। आपत्ति जताने पर लल्ली ने असलहा निकाला और पप्पू के सीने में सटाकर गोली मार दी। वह जमीन पर गिरा तो गर्दन पर तीन और गोलियां मारने के बाद लल्ली हवाई फायरिंग करते हुए भाग गया। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पर डीसीपी (पश्चिम) सोमेन बर्मा, एसीपी कैसरबाग और इंस्पेक्टर कैसरबाग मौके पर पहुंचे। घायल पप्पू सोनकर को तुरंत बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पप्पू के परिवार में पत्नी व तीन बच्चे शिखर, हर्षित व वैष्णवी हैं। बवाल की आशंका के चलते पूरे इलाके में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई। कैसरबाग इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि पप्पू की पत्नी रूमा सोनकर की तहरीर पर लल्ली सोनकर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।