फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की पीटकर हत्या, लिव इन में रह रही महिला हिरासत में

विज्ञापन
विज्ञापन
नगराम। बहन की ससुराल में उसकी तलाकशुदा ननद के साथ पति-पत्नी की तरह रहने वाले एक युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। मामला शाह मोहम्मदपुर अपैया गांव का है। युवक के पिता ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने युवक के साथ रहने वाली आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। वहीं मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने वहां से साक्ष्य जुटाए हैं।
विज्ञापन

एडीसीपी दक्षिणी पुर्णेंदु सिंह के मुताबिक, गोसाईंगंज के मगहुआं निवासी अयोध्या प्रसाद रावत की बेटी की शादी शाह मोहम्मदपुर अपैया के बबलू से हुई थी। बबलू की तलाकशुदा बहन ज्ञानवती से अयोध्या के बेटे अवधेश का प्रेम संबंध हो गया। पहले पति की मौत और दूसरे से पति से तलाक के बाद से ज्ञानवती अपने तीन बच्चों के साथ मायके में ही आकर रहने लगी थी। अवधेश से प्रेम संबंध होने के बाद ज्ञानवती गांव के बाहर ही खाली पड़ी सरकारी जमीन पर एक झोपड़ी बनाकर साथ में रहने लगी। अवधेश के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर ज्ञानवती को हिरासत में लिया गया है जिससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में ज्ञानवती ने बताया कि, अवधेश सोमवार शाम को इच्छाखेड़ा के पंचम के बेटे की बरात में बासगंज जाने की बात कहकर निकला था। मंगलवार सुबह करीब छह बजे जब उसकी आंख खुली तो झोपड़ी के बाहर मिट्टी से सना अवधेश का अर्धनग्न शव पड़ा देखा। उसके चीखने-चिल्लाने पर गांव के लोग जुट गए। सूचना पाकर एसीपी मोहनलालगंज दिलीप कुमार सिंह, एडीसीपी दक्षिणी पुर्णेेदु सिंह और प्रभारी निरीक्षक नगराम मोहम्मद अशरफ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम के प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए। पड़ताल में सामने आया है कि अवधेश के गले में चोट के निशान मिले हैं। उसकी आंख, कान व नाक से खून भी रिस रहा था। बाएं हाथ में चोट थी। शरीर पर अंडरवियर के अलावा कोई कपड़ा नहीं था।
विज्ञापन

नीम की डाल पर लटकते मिले कपड़े
पुलिस ने आसपास पड़ताल की तो अवधेश की शर्ट व पैंट कुछ दूरी पर एक नीम के पेड़ की डाल पर लटकते मिले। चप्पल भी कुछ दूर पड़े थे। ज्ञानवती ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या कहीं और की गई है। हत्या के बाद हत्यारों ने शव को झोपड़ी के बाहर फेंक दिया। हालांकि यह कहानी ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों के गले नहीं उतर रही है। इंस्पेक्टर नगराम ने बताया कि ज्ञानवती द्वारा बताई गई कहानी कि उसके अवधेश को कहीं दूसरी जगह मारकर शव उसके दरवाजे लाकर डाला गया, गले नहीं उतर रही है। क्योंकि दूसरी जगह हत्या कर शव यहां क्यों लाया जाता और फिर उसके शरीर के कपड़े पास में ही पेड़ पर लटके मिले जिन पर मिट्टी या खून का कोई दाग भी नहीं है।
तीन बच्चों की मां है आरोपी ज्ञानवती
ज्ञानवती की पहली शादी कई साल पहले नगराम कस्बा निवासी सुरेश रावत के साथ हुई थी। सुरेश की हत्या के बाद उसकी दूसरी शादी नगराम के चोरहापुर निवासी श्यामलाल के साथ हुई जिससे उसके तीन बच्चे सूरज (7) विशाल (5) व मोहिनी (3) हैं। पारिवारिक अनबन के चलते कुछ समय बाद श्यामलाल व ज्ञानवती का तलाक हो गया। इसके बाद ही वह अपने बच्चों के साथ मायके में रहने लगी थी। बहन के घर आने जाने के चलते उसके संबंध अवधेश से हो गए। इसके बाद अवधेश, ज्ञानवती को साथ लेकर शाह मोहम्मदपुर अपैया गांव के बाहर सरकारी खाली पड़ी जमीन पर झोपड़ी बना कर पति-पत्नी की तरह रह रहा था ।
जल्द होगा वारदात का खुलासा
अवधेश के पिता अयोध्या रावत की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संदेह के आधार पर ज्ञानवती को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने ज्ञानवती को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा हो जाएगा।
विज्ञापन

पुर्णेंदु सिंह, एडीसीपी दक्षिणी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें