लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के उमर भारी गांव में खेत में मवेशियों के जाने को लेकर विवाद में बुधवार को एक किसान की चार भाइयों ने गड़ासे से काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही चारों भाइयों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मड़ियांव थाना क्षेत्र के उमर भारी गांव निवासी गुलाब यादव (52) बुधवार शाम चार बजे अपने खेत में काम कर रहा था। तभी मुबारकपुर निवासी सुरेंद्र यादव अपने भाई वीरेंद्र यादव, बृजेश यादव व बउवा के साथ गड़ासा व लाइसेंसी रायफल लेकर आ गया। गाली-गलौज करते हुए सुरेंद्र ने गड़ासे से गुलाब की गर्दन पर ताबड़तोड़ की कई वार कर दिए। चीख-पुकार पर गांव के लोग दौड़े तो हमलावर भाग गए। ग्रामीणों से सूचना पाकर मड़ियांव इंस्पेक्टर मनोज सिंह पुलिस फोर्स के साथ उमर भारी गांव पहुंचे। मगर तब तक गुलाब की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने ग्रामीणों से वारदात की जानकारी लेने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुलाब की हत्या से परिवारीजन रो-रोकर बेहाल हैं। गांव के लोग भी वारदात को लेकर आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मड़ियांव इंस्पेक्टर मनोज सिंह ने बताया कि खेत में मवेशियों के जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसी के चलते ये वारदात हुई है। मामले में सुरेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, बृजेश यादव व बउवा के खिलाफ हत्या की धारा में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में छानबीन के साथ ही चारों आरोपियों की तलाश की जा रही है।