बहराइच के नथुआपुर गांव मेें छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने खेत की रखवाली करने गए एक बुजुर्ग की बांके से काटकर हत्या कर दी। बुजुर्ग का शव खेत में क्षत-विक्षत हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पीड़ित परिवार की तहरीर पर एक नामजद समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस छापेमारी कर रही है। हरदी थाना क्षेत्र के नथुआपुर गांव निवासी ननकऊ (83) पुत्र गुलाम के घर लड़के की साली आई हुई है।
परिजनों ने बताया कि जब वह घर के बाहर निकलती है तो गांव के ही कुछ युवक उसका पीछा कर छेड़छाड़ करते थे। साली ने जब छेड़छाड़ की बात घर में बताई तो ननकऊ इसकी शिकायत करने युवक के घर चले गए। वहां पर इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। दबंगों ने बुजुर्ग किसान को देख लेने व जान से मारने की धमकी दी थी।