महिला की हत्या के बाद जमा भीड़ व पुलिस
- फोटो : amar ujala
लखनऊ में बंथरा के बेंती गांव स्थित नागेश्वर मंदिर के पुजारी दीप नारायण द्विवेदी की पत्नी 46 वर्षीय दीपिका की हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह परिवारीजनों ने मंदिर से सटे पुजारी के मकान के आंगन में औंधे मुंह शव पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। मकान के पिछले दरवाजे में सेंध लगी हुई थी और बक्सों व आलमारियों में रखा सामान बिखरा था। परिवारीजनों ने लूटपाट के दौरान दीपिका की गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है। उधर, पुजारी ने दीपिका के अलावा उसकी सगी भतीजी कुसुम से भी शादी की थी। परिवार में अक्सर कलह व झगड़ा होता था। पुलिस दूसरी शादी और पारिवारिक कलह को भी हत्या से जोड़कर जांच कर रही है।
डीसीपी सेंट्रल सोमेन बर्मा ने बताया कि दीप नारायण द्विवेदी के साथ उसकी पहली पत्नी दीपिका के अलावा दूसरी पत्नी कुसुम तथा उनके दो-दो बेटे रहते हैं। दीपिका भी पति के साथ ही नागेश्वर मंदिर में साफ-सफाई व पूजा-पाठ करती थीं। दीप, कुसुम और उनके बच्चे घर के बाहर बने हनुमान मंदिर के चबूतरे पर सोते हैं जबकि दीपिका भीतर अकेले सोती थी। सोमवार सुबह कुसुम नित्यक्रिया के लिए मकान के बाहर बने शौचालय में गई तो दीवार की ईंटें निकली देख शोर मचाया। परिवारीजन घर के भीतर पहुंचे तो आंगन में दीपिका का शव पड़ा देख कोहराम मच गया। सूचना पाकर बंथरा इंस्पेक्टर रमेश सिंह के साथ ही डीसीपी सेंट्रल और एडीसीपी सेंट्रल चिरंजीव नाथ सिन्हा और एसीपी कृष्णानगर हरीश सिंह भदौरिया ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। दो कमरों में रखे बक्से और आलमारियां खुली थीं व उनमें रखा सामान चारों तरफ बिखरा हुआ था। कुछ ही देर में हजारों लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने लूटपाट के दौरान दीपिका की गला दबाकर हत्या कर शक जताया है। परिवारीजनों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है जिस पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
हालांकि, पुलिस लूटपाट के अलावा अन्य वजहों पर भी पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दीप नारायण ने दीपिका की सगी भतीजी कुसुम से 18 साल पहले शादी की थी। दूसरी शादी को लेकर उनके परिवार में काफी बवाल हुआ था। तनाव और झगड़े के चलते वह अपना पुश्तैनी मकान छोड़कर दोनों पत्नियों के साथ नागेश्वर मंदिर के बगल में मकान बनवाकर रह रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि अक्सर घर से लड़ाई-झगड़े की आवाजें आती थीं। पुलिस को शक है कि पारिवारिक कलह के चलते दीपिका की हत्या कर उसे लूटपाट का रूप देने की कोशिश की गई है। डीसीपी मध्य ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। कुछ लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है।