सरोजनीनगर। बिजनौर के रहीमाबाद गांव में मृत मिले श्रमिक सचिन की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को तीन लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई सचिन के पिता मेडी लाल की तहरीर पर की है। सचिन का शव मंगलवार सुबह मिला था।
मेडी लाल ने दर्ज एफआईआर में बताया कि 28 सितंबर की शाम करीब चार बजे सचिन गांव के बिरजू के साथ घर से निकला था। एक घंटे बाद ग्रामीणों ने उसे बिरजू, तेजू और एक अज्ञात के साथ बाइक से जाते देखा। देर रात तक सचिन घर नहीं लौटा। सुबह करीब पांच बजे भतीजे सत्यम ने सचिन का शव मिलने की सूचना दी। शव उनके घर से करीब 300 मीटर दूर रमेश यादव के मकान की दीवार के पास मिला था। मेडी लाल ने बताया कि बेटे के पैरों में जलने और झुलसने के निशान थे।
मेडी लाल का आरोप है कि बिरजू, तेजू और एक अज्ञात ने पहले बेटे का गला दबाया। फिर बिजली के तार से करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने सचिन की बाइक महेश रावत के पास दस हजार रुपये में गिरवी रख दी। इंस्पेक्टर बिजनौर कपिल गौतम ने बताया कि बिरजू, तेजू व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।