बख्शी का तालाब। प्रॉपर्टी डीलर अरविंद रावत (40) की हत्या के मामले में पत्नी मंजू ने शक के आधार पर चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने प्रॉपर्टी और रुपये के लेनदेन के विवाद में पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर संजय के मुताबिक, बुधवार को मंजू की तहरीर पर बिंदेश मौर्य, अमन, शारिक खान और अजीज समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। मंजू का आरोप है कि हत्यारों ने उनके पति की आंखें फोड़ दीं और सिर व चेहरा कूंचकर पहचान मिटाने की कोशिश की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और चेहरे पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान हैं।
अरविंद के साले संदीप के मुताबिक, अरविंद खदरा निवासी शारिक खान और अजीज, जरहरा निवासी अमन और मोहम्मदपुर सादात निवासी बिंदेश मौर्य के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग करते थे। रुपये के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। चेक बाउंस और प्रॉपर्टी से जुड़े मुकदमे भी चल रहे थे। आरोप है कि अरविंद को कई बार जान से मारने की धमकी दी गई थी। तीन अक्तूबर को एक मामले में उनकी पेशी भी थी।
डीसीपी नॉर्थ अमित आनंद का कहना है कि नामजद आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। सभी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
जूट के बोरे में बंद मिला था शव
इंदिरानगर के रसूलपुर निवासी अरविंद का शव सोमवार देर रात बख्शी का तालाब के अचरामऊ-मलाक गांव के पास कच्चे रास्ते पर मिला था। शव जूट के बोरे में बंद था और सिर व चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार को सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर वायरल होने के बाद परिजनों ने बख्शी का तालाब थाने पहुंचकर उसकी पहचान की।