पहली फोटो जिसमें नहीं है गोली का निशान, दूसरी फोटो में गोल घेरे में गोली का निशान
यूपी की बागपत जेल में सोमवार सुबह मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद वायरल हुई दो तस्वीरों ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। तस्वीरों के आधार पर कयास लगाए जा रहे हैं कि मुन्ना बजरंगी की मौत के बाद भी उस पर गोलियां बरसाई गई।
पहली तस्वीर में मुन्न बजरंगी के आसपास ताजा खून बिखरा हुआ है। लेकिन उसके सीने के बाएं हिस्से में गोली का कोई निशान नहीं है। वहीं, दूसरी तस्वीर में आसपास पड़ा खून सूख गया है, लेकिन गोली लगने का एक नया निशान बाएं हिस्से में नजर आ रहा है। इस घाव में खून का रिसाव न होने से यह स्पष्ट हो रहा है कि मुन्ना बजरंगी मौत यह गोली लगने से काफी देर पहले ही हो चुकी थी।
इसके बाद से सवाल उठने लगे हैं कि मुन्ना बजरंगी की मौत के बाद उस पर गोली किसके द्वारा और क्यों चलायी गई। इसके पीछे छिपे मकसद को लेकर भी पुलिस से सवाल किए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारी इस संबंध में कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं।
प्रमुख सचिव गृह ने कहा कि कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है तो उसे भी सामने लाया जाएगा।