लखनऊ। तालकटोरा रोड और चारबाग की गुरुनानक नगर मार्केट के किरायेदारों और नगर निगम के बीच नौ साल से चल रहा किराया विवाद मंगलवार को महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी से हल नहीं हो पाया। सिर्फ यही तय हुआ कि दुकानदार फिलहाल 25 प्रतिशत किराया जमा करें, ताकि आगे की कोई कड़ी कार्रवाई न हो।
विवाद के चलते नगर निगम के करीब तीन करोड़ रुपये वर्ष 2017 में किराया बढ़ने के बाद से फंसा हुआ है, क्योंकि 500 में करीब 250 दुकानदार बढ़ा किराया जमा करने को तैयार नहीं हैं। इसी संबंध में महापौर ने बैठक बुलाई थी।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने यह मांग रखी कि किराया पुरानी दरों पर या थोड़ी बढ़ोतरी के साथ लिया जाए। कुछ ने कहा कि उनकी दुकान की नाप फिर से कराई जाए और उसके आधार पर किराया लिया जाए। इस पर निगम की ओर से बताया गया कि यह शासन के अधिकार में है। अगर दुकानदार बढ़े हुए किराये के हिसाब से 25 प्रतिशत किराया जमा कराते हैं तो उनके खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं होगी। किराया जमा करने के लिए 25 मार्च से कैंप लगाए जाएंगे।