जोनल कार्यालय का निरीक्षण करते नगर आयुक्त गौरव कुमार।
- फोटो : जोनल कार्यालय का निरीक्षण करते नगर आयुक्त गौरव कुमार।
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय लालबाग में चल रहा जोन एक कार्यालय दो में शिफ्ट हो जाएगा। कैसरबाग में चकबस्त कोठी की जमीन पर भूमिगत पार्किंग की ऊपरी मंजिल पर जोन का नया कार्यालय बनाया जा रहा है। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बृहस्पतिवार को मौके का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा उन्होंने कान्हा उपवन, जोन आठ में सीएम ग्रिड योजना की सड़कों और हैवतमऊ मवैया में झील सुंदरीकरण कार्य और अमौसी में एबीसी सेंटर का काम भी देखा। नगर आयुक्त जोन कार्यालय का निर्माण कार्य 15 दिनों में पूरा करने का निर्देश जोनल अभियंता अतुल मिश्रा को दिया है। इसके लिए डबल शिफ्ट में काम कराने के लिए कहा है।
यहां भी किया निरीक्षण
- सीएम ग्रिड के तहत रजनीखंड इलाके में इग्नू रीजनल सेंटर के पास बन रही सड़कों का निरीक्षण कर यहां पर बन रहे सेल्फी पॉइंट देखे।यहां खुले में पड़ी हाईटेंशन लाइन को जल्द भूमिगत कराने के निर्देश दिए। यहां नाला निर्माण कार्य जून के अंत तक पूरा करने को कहा।
- हैवतमऊ झील सुंदरीकरण कार्य को इस महीने पूरा करने के निर्देश दिए।
- कान्हा उपवन में जर्जर दीवारों की मरम्मत, वाहनों की मरम्मत के लिए स्थायी कार्यशाला बनाने और कर्मचारियों के आवास को टाउनशिप मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए कहा।
- अमृत 2.0 योजना के तहत विकसित किए जा रहे राधा सरोवर और प्रेम सरोवर के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
- अमौसी स्थित वृहद गोशाला के निरीक्षण के दौरान ग्रीनरी विकसित करने, लैंडस्केपिंग और हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मेटल स्क्रैप से कामधेनु गाय की प्रतिमा बनाने, मुख्य गेट का चौड़ीकरण करने और भूसा गोदाम को ऊंचा कराने को कहा।
- अमौसी स्थित एबीसी सेंटर का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बिजली कनेक्शन और हैंडओवर की प्रक्रिया को पूरा कराने के निर्देश दिए।