लखनऊ। गोमतीनगर के शहीद पथ स्थित विनीतखंड छह में चोरी की बिजली से आधुनिक कूड़ा घर परिसर का संचालन करने के लिए नगर निगम को अनुमानित सात लाख रुपये का जुर्माना चुकाना होगा। नगर निगम को सोमवार को यह इसका बिल भी सौंप दिया जाएगा।
गोमतीनगर के चेकिंग दस्ते ने बीते मंगलवार शाम औचक चेकिंग के दौरान पूरे परिसर व मशीनों में 13 किलोवाट लोड पर बिजली चोरी पकड़ी थी। इसके लिए नगर निगम के सहायक अभियंता आरपी जोशी के खिलाफ बिजली थाने में केस भी दर्ज हुआ है। टीम ने चेकिंग रिपोर्ट खंडीय अभियंता को सौंप दी है। एक अफसर ने बताया कि कूड़ा घर का कनेक्शन 4.50 लाख रुपये के बकाये पर जनवरी में काटा जा चुका था। अंदेशा है कि कनेक्शन कटने के बाद ही बिजली चोरी शुरू हुई होगी।
इसी आधार पर कनेक्शन कटने की तारीख से बिजली चोरी के जुर्माने की गणना की जा रही है, जो छह से सात माह की होगी। फौरी गणना में सात लाख रुपये तक का जुर्माना बन रहा है।अफसरों ने बताया कि नगर निगम को कनेक्शन जुड़वाने के लिए बिजली चोरी के सात लाख और बाकी बिल के 4.50 लाख रुपये जमा करने होंगे।