लखनऊ। नगर निगम संपत्ति विभाग की टीम ने रविवार को करीब 20 करोड़ रुपये कीमत की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। इस जमीन पर प्राॅपर्टी डीलरों ने प्लाॅटिंग कर दी थी। टीम ने विरोध के बीच निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
जमीन खाली कराने की कार्रवाई बिजनौर गांव में हुई। यहां नगर निगम की करीब पांच बीघा सरकारी जमीन पर प्लाॅटिंग शुरू कर चारों तरफ दीवार व सड़क भी बना दी। लेखपाल आदेश शुक्ला व मृदुल मिश्रा का कहना है कि जो भी अवैध निर्माण था उसे ध्वस्त कर दिया गया है।
अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कब्जा हटाने की कार्रवाई तहसील की टीम से पैमाइश कराने के बाद की गई। अवैध कब्जे हटाने के लिए नगर आयुक्त की ओर से सख्त निर्देश हैं। जो जमीन खाली कराई जा रही है उसे सुरक्षित करने के लिए तारबाढ़ भी करवाई जाएगी।