कुर्सी रोड पर अतिक्रमण हटाता बुलडोजर।
लखनऊ। शहर को अतिक्रमण और गंदगी से मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने बुधवार को अभियान चलाया। विरोध के बीच 50 कब्जे सड़क की पटरी से हटाए गए और 63 हजार रुपये से अधिक जुर्माना भी वसूल किया गया।
जोन दो के जोनल अधिकारी मनोज कुमार यादव ने बताया कि ऐशबाग रोड, गौरिया मठ, अंबेडकर स्मृति केंद्र, सी-ब्लॉक राजाजीपुरम और अली तरंग गेस्ट हाउस इलाके में सफाई अभियान चलाया गया। चारबाग क्षेत्र में सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने वालों के दो चालान कर 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने पर तीन चालान कर 25 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
जोन तीन के जोनल अधिकारी अजीत राय ने बताया कि टेढ़ी पुलिया से सरगम अपार्टमेंट और कुर्सी रोड के पहाड़पुर चौराहे से गुडंबा तक सर्विस लेन पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 50 अवैध दुकानें हटाई गईं। दो ठेले, दो ठेलिया और एक गुमटी जब्त की गई। अतिक्रमण पर 3500 रुपये और प्रतिबंधित पॉलिथीन पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। हटाए गए स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए संबंधित क्षेत्रीय पुलिस को पत्र भेजा गया है।