लखनऊ। वार्डाें में विकास कार्यों के लिए नगर निगम ने पार्षद कोटे की बची 1.10 करोड़ रुपये की किस्त जारी दी है। इसका आदेश नगर आयुक्त के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार की से जारी कर दिया गया है। इससे अब वार्डों में पार्षद कोटे से सड़क, नाली, फुटपाथ और पुलिया आदि के काम हो सकेंगे। चार दिन पहले महापौर ने इसके लिए नगर आयुक्त को पत्र भी लिखा था।
वार्डों में विकास कार्य के लिए हर पार्षद को 2.10 करोड़ रुपये का कोटा नगर निगम ने दिया है, जिसमें दो बार में एक करोड़ रुपये का बजट जारी किया जा चुका है। इसके बाद प्रति वार्ड 1.10 करोड़ रुपये पार्षद कोटा बचा था, जिसे जारी करने के लिए इसी माह सदन की बैठक में प्रस्ताव पास किया गया था। बजट जारी करते हुए विकास कार्याें का प्रस्ताव तैयार करने वाले इंजीनियरों को यह निर्देश भी दिए गए हैं कि मौके की फोटो जीपीएस लोकेशन के साथ देनी होगी। इसमें लापरवाही करने वालों को पर कार्रवाई की जाएगी।