संजय गांधी पीजीआई में मल्टी ऑर्गन ट्रांसप्लांट विभाग बनेगा। सर्जिकल गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग में बनी लिवर ट्रांसप्लांट यूनिट को भी इसी में जोड़ा जाएगा।
किडनी प्रत्यारोपण की व्यवस्था भी इसी विभाग में होगी। विभाग को शुरू करने के लिए पीजीआई प्रशासन कई साल से बंद पड़े लिवर ट्रांसप्लांट को फिर से शुरू करने की कवायद में जुट गया है।
जुलाई में लिवर प्रत्यारोपण फिर से शुरू होने की उम्मीद है। संजय गांधी पीजीआई के लिवर ट्रांसप्लांट कार्यक्रम से ग्रहण अब हटने को है। ठप पड़ी इस सुविधा को शुरू करने के लिए पीजीआई प्रशासन ने एक नए चिकित्सक डॉ. अभिषेक यादव की तैनाती भी कर दी है।
लगभग एक हजार प्रत्यारोपण के अनुभव वाले विशेषज्ञ को सर्जिकल गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में तैनाती दी गई है। जुलाई में फिर से लाइव लिवर ट्रांसप्लांट शुरू करने के लिए दो मरीजों का चयन किया गया है। इनमें से किसी भी एक मरीज का जुलाई में प्रत्यारोपण किया जाएगा।
मरीज को लिवर देने वाले परिवारीजनों और मरीज की प्रत्यारोपण से संबंधित जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।