सपा मुखिया अखिलेश सरकार पर तल्ख होते जा रहे हैं। वह इशारो ही इशारों में अखिलेश को मोदी का डर भी दिखा रहे हैं। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने एक बार फिर प्रदेश सरकार के मंत्रियों पर अंगुली उठाई। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव ईमानदार हैं, लेकिन कुछ मंत्री सरकार की छवि बिगाड़ रहे हैं। वे स्वार्थ साधने में लगे हैं। वे न तो कार्यकर्ताओं का काम करते हैं और न उनका सम्मान करते हैं। हम मुख्यमंत्री होते तो भ्रष्ट मंत्रियों पर एक्शन लेते।
मुलायम गुरुवार को सपा मुख्यालय में नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार अच्छे काम कर रही है लेकिन उनका प्रचार नहीं हो रहा। कुछ मंत्री और विधायक निजी स्वार्थ साधने में लगे हैं। वे सरकार की छवि खराब कर रहे हैं। वे कार्यकर्ताओं और आम लोगों का काम करते तो लोकसभा चुनाव में सिर्फ पांच सीट न जीतते। मंत्रियों के जिलों, खास तौर से उनके विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव हारना कम शर्मनाक नहीं है।
मुलायम ने प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से विधानसभा चुनाव 2017 के प्रत्याशियों के चयन के लिए सुझाव मांगे हैं। उन्होंने कहा कि सुझाव मिलने पर प्रत्याशी तय करने पर विचार शुरू करेंगे। एक साल पहले चुनाव की तैयारी शुरू हो जाती है। इसे देखते हुए सभी अपने स्तर पर सक्रियता दिखाएं। वर्ष 2012 में सभी की एकजुटता से जीत मिली थी। कुछ जिलों में गुटबंदी है, इसे दूर करने की जरूरत है। फिर एक होकर काम करेंगे तो 2017 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
सपा मुखिया ने कहा कि नरेंद्र मोदी बहुत चालाक हैं। उन्होंने 500 लोगों को सरकारी खर्च पर यूपी में छोड़ रखा है। उनके खाने, रहने और गाड़ी की व्यवस्था की गई है। वे भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। अंदरूनी तौर पर भाजपा ने उम्मीदवार तय करने शुरू कर दिए हैं।
चौधरी साहब ने तारीफ की तो परेशान हुए थे कई नेता
मुलायम ने बताया कि किस तरह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह सार्वजनिक मंचों पर उनकी प्रशंसा करते थे। हरिद्वार सम्मेलन में चौधरी साहब ने उनकी तारीफ की तो कई लोग परेशान हो गए थे। उन्होंने चुगली शुरू कर दी, लेकिन चौधरी साहब ने हमेशा उनका पक्ष लिया। उन्होंने एक नेता की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उन्हें 1980 में यूथ का जिलाध्यक्ष बनाया गया तो चौधरी साहब तक शिकायत की गई। उन्होंने चौधरी साहब को बताया तो वे संतुष्ट हो गए।
सपा महासचिव व राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने दावा किया कि प्रदेश में हो रही पुलिस भर्ती में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। उन्होंने इसकी तुलना पूर्ववर्ती मायावती सरकार की एक भर्ती से की। उन्होंने कहा कि सरकार का काम अच्छा है। कार्यकर्ताओं को उसे आम लोगों तक पहुंचाना है। बूथ स्तर तक संगठन होना चाहिए।
अखिलेश ने भी दिए कुछ टिप्स
सपा के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि किसानों का हित हमारी प्राथमिकता में है। प्रदेश में निवेश आ रहा है। सड़क-पुल तेजी से बन रहे हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। हमें अपनी उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना है। 2017 का लक्ष्य पाने के लिए कार्यकर्ताओं में आपसी तालमेल और विधायकों का मतदाताओं से सघन संपर्क जरूरी है।
अखिलेश ने कहा कि केंद्र सरकार का रवैया प्रदेश के प्रति सौतेला है। हमें विभिन्ना मदों में जितनी राशि केंद्र से मिलनी चाहिए, उसमें आनाकानी की जा रही है। कोटे से कम बिजली मिलती है, बिजलीघरों के लिए कोयले की सप्लाई बाधित है। प्रदेश की विकास योजनाओं में रोड़े अटकाए जा रहे हैं। इस संबंध में प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों को लिखे पत्रों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।