मुलायम सिंह सोमवार दोपहर दिल्ली पहुंचे। आयोग की तरफ से मिले वक्त के मुताबिक मुलायम 4.30 बजे चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे। उनके साथ शिवपाल, अमर सिंह और जया प्रदा भी मौजूद रहे।
सोमवार सुबह मुलायम सिंह यादव अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पहले खबरें अा रही थीं कि डॉक्टरों ने उन्हें यात्रा न करने की सलाह दी है जिसके चलते वह दिल्ली नहीं जाएंगे बल्कि शिवपाल अकेले जाएंगे। इसी बीच वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बीमार होने के सवाल पर उन्होंने जवाब दिया, मैं बिल्कुल ठीक हूं।
जाते वक्त उन्होंने कहा, मीडिया ने हमेशा मेरा साथ दिया। मैंने कभी झूठ नहीं बोला न गलत काम किया। इल्जाम लगा भी तो कोर्ट ने बरी कर दिया। जानकारी के मुताबिक अमर सिंह और शिवपाल यादव दिल्ली पहुंच चुके हैं। दिल्ली पहुंचने पर शिवपाल यादव ने कहा, नेता जी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, आगे भी रहेंगे।
हम मरते दम तक नेताजी के साथ रहेंगे वहीं अमर सिंह ने भी दिल्ली पहुंचने पर कहा कि मैं हमेशा मुलायम सिंह के साथ रहूंगा। पार्टी से निकाले जाने की बात पर उन्होंने कहा कि मुझे दल से फर्क नहीं पड़ता दिल से निकाला गया तो दुख होगा। मुलायम सिंह के साथ अमर सिंह 2 बजे इलेक्शन कमीशन से मुलाकात करने वाले थे।
विलेन बनने को तैयार अमर सिंह
फाइल फोटो
- फोटो : Getty images
पार्टी से निकाले जाने के बाद अमर सिंह ने कहा कि मुलायम के लिए वे विलेन बनने के लिए तैयार हैं। एक जनवरी को अखिलेश ने पार्टी अध्यक्ष बनते ही अमर सिंह को पार्टी से बाहर निकाल दिया था। तब अमर सिंह लंदन में थे।
सोमवार की सुबह की वह दिल्ली पहुंचे। अपने निकाले जाने से जुड़े सवाल पर अमर सिंह ने कहा कि यदि वह विलेन हैं तो विलेन बनने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर मुलायम सिंह जी अपने दिल से मुझे निष्कासित कर दें, तो मेरे लिए खेद का विषय है और दल का मेरे लिए महत्व नहीं है।’
शिवपाल ने दी अधिवेशन कैंसिल होने की सूचना
शिवपाल यादव
- फोटो : ani
समाजवादी पार्टी में बढ़ती खींचतान के बीच मुलायम सिंह यादव ने 5 जनवरी को बुलाए गए सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन को स्थगित कर दिया है। यह जानकारी शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट कर दी।
शिवपाल यादव ने ट्वीट कर बताया, 'नेताजी के आदेशानुसार समाजवादी पार्टी का 5 जनवरी का अधिवेशन फिलहाल स्थगित किया जाता है।' साथ ही शिवपाल ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में चुनाव की तैयारियों में जुटने का भी संदेश दिया।
बता दें कि यह अधिवेशन मुलायम सिंह यादव ने रामगोपाल यादव द्वारा बुलाए गए अधिवेशन में अखिलेश यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के बाद बुलाया था। माना जा रहा था कि इस अधिवेशन में मुलायम कुछ बड़े फासले ले सकते थे।