फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुलायम बोले, जमीनों पर कब्जा करोगे, पैसा कमाओगे तो वोट कैसे मिलेंगे

Fri, 05 Aug 2016 08:19 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं, मंत्रियों व विधायकों को खरी-खरी सुनाई। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी नहीं बख्शा।
विज्ञापन


कार्यकर्ताओं से पूछा, क्या जमीनों पर कब्जे करने, पैसा कमाने से वोट मिलेंगे? विरोधी दलों ने विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है और हमारे मंत्री, एमएलए एनेक्सी व सचिवालय में बैठकर पार्टी व सरकार चला रहे हैं। मुख्यमंत्री के पास मंत्रियों के लिए समय नहीं है और मंत्रियों को कार्यकर्ताओं की परवाह नहीं है।

मुलायम यहां जनेश्वर मिश्र पार्क में छोटे लोहिया के नाम से मशहूर समाजवादी चिंतक जनेश्वर मिश्र की 84वीं जयंती पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा, सपा की अलग पहचान है। यह गांव, गरीब, किसानों, नौजवानों, शिक्षकों, वकीलों की पार्टी है। हमने वकीलों का संगठन बनाया था। हाईकोर्ट से लेकर जिला न्यायालय तक के वकीलों के सम्मेलन कर उनकी समस्याएं सुनते थे। अब कोई अता-पता नहीं है।
विज्ञापन

'जनता का दोष नहीं नेताओं का दोष है'

मुलायम बोले, हम पहले नौजवानों के शिविर चलते थे। हम मुख्यमंत्री से हर बार कहते हैं, शिविर लगाओ, लेकिन नहीं लगाते। जनेश्वर मिश्र का सपना था कि दिल्ली में समाजवादियों की सरकार बने।

पिछले लोकसभा चुनाव में 45 सांसद जीत जाते तो उनका सपना साकार हो जाता, लेकिन जीते केवल पांच। पांचों सांसद एक ही परिवार के हैं। इसमें जनता का दोष नहीं है, नेताओं का दोष है।

उन्होंने कहा, खुशी है कि हमारी पार्टी में नौजवान काफी तादाद में हैं लेकिन अच्छे नौजवानों की उपेक्षा हुई है, उन्हें प्रशिक्षित नहीं किया गया। मुख्यमंत्री से कहा, फिर सरकार बनानी है तो अच्छे नौजवानों को पद दीजिए, पद नहीं दे सकते तो बुलाकर उनसे बात कीजिए। बढ़िया और बेदाग लोगों को जिलाध्यक्ष, महामंत्री बनाइए, तब जनता कहेगी कि सपा अच्छी पार्टी है।

महिलाओं को पद भी दीजिए और टिकट भी
सपा मुखिया ने कहा, महिलाएं अब बहुत जागरूक हो गई हैं। देश में महिला प्रधानमंत्री रह चुकी हैं। चार महिला मुख्यमंत्री हैं। सभी अच्छा काम कर रही हैं। महिलाओं को पीछे रखकर राजनीति नहीं की जा सकती। उन्हें पद भी दीजिए और टिकट भी।

चुनाव जीतने के लिए कमियां दूर करोगे?

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व मुलायम सिंह यादव - फोटो : amar ujala
सपा मुखिया ने कार्यकर्ताओं से सवाल किया, विधानसभा चुनाव नजदीक है, क्या फिर सरकार बनाओगे? क्या अपनी कमियां दूर करोगे? कब्जे करने बंद कर दोगे?

अभी कई जगह कब्जे हैं, कुछ लोग कब्जे कर रहे हैं। कब्जे करोगे तो क्या वोट मिलेंगे? कुछ लोग पैसा भी कमा रहे हैं, हम कहते हैं, पैसा कमाना है तो व्यापार करो। राजनीति करना सबसे कठिन काम है। इसमें आलोचना भी होती है।

विपक्षी दलों ने ताकत झोंकी, हमारे मंत्री-विधायक बेखबर
मुलायम ने कहा, चुनाव में बहुत कम दिन रह गए हैं। भाजपा, बसपा का नाम लिए बिना कहा कि दो पार्टियां चुनाव तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ रहीं, अब तीसरी (कांग्रेस) भी आ गई। भाजपा ने बड़े नेताओं, महिलाओं को यूपी में भेज दिया है।

कांग्रेस की लीडर का बीमारी में भी निकलना मामूली बात नहीं है। वे इतनी मेहनत कर रहे हैं और हमारे एमएलए, मंत्रियों को खबर नहीं है। वे दूसरों को तो क्या बताएंगे, उन्हें खुद नहीं पता कि सरकार ने जनता को कितनी सुविधाएं दी हैं।

सीएम नाराज न हो जाएं, इसलिए सच नहीं बोलता

सपा मुखिया ने कहा कि कार्यकर्ता, नेता इसलिए सही बात नहीं बोलते कि कहीं मुख्यमंत्री नाराज न हो जाएं। उनमें मायूसी और उदासी है। मंत्रियों को महीनों तक मुख्यमंत्री से समय नहीं मिल पाता।

एक मंत्री ने उन्हें बताया कि उन्हें तीन महीने से समय नहीं मिल पाया है। मंत्री कार्यकर्ताओं की परवाह नहीं करते। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछा कि क्या उनके काम होते हैं? मंत्री उनकी बात सुनते हैं? इन्कार में हाथ हिलाने पर बोले-हमारे पास आ जाना, जायज काम होगा तो करा देंगे।

क्या हमारे दस्तखत के बिना मिलेगा टिकट
मुलायम ने मुख्यमंत्री की तरफ मुखातिब होकर कहा, आपसे कम लोग मिलते हैं, हमसे ज्यादा मिलते हैं। कुछ लोग हमसे मिलने आ जाते हैं तो उनसे नाराजगी हो जाती है। मैं पूछता हूं क्या हमारे दस्तखत के बिना किसी को टिकट मिलेगा?

सीएम से पूछा, अफसरों पर कार्रवाई क्यों नहीं करते
सपा मुखिया ने कहा कि अफसर कार्यकर्ताओं की जायज बात नहीं सुनते। मनमानी करते हैं। उन्होंने सीएम से पूछा कि अफसरों पर कार्रवाई क्यों नहीं करते? हमने बाराबंकी, बांदा के डीएम समेत पांच आईएएस अफसरों को सस्पेंड किया। कार्रवाई करिए, सब ठीक हो जाएंगे।
विज्ञापन

कुछ लोग चाहते हैं, सीएम को बिजी रखें

- फोटो : amar ujala
मुलायम ने मुख्यमंत्री के इर्द-गिर्द रहने वालों पर भी निशाना साधा। इशारा कुछ अधिकारियों व नेताओं की तरफ था। उन्होंने कहा, कुछ लोग चाहते हैं कि सीएम को बिजी रखें ताकि उनके खिलाफ कोई शिकायत न मिले। उन्होंने सीएम से कहा, नीतियां बताने के लिए मौके पर जाइए। किसी का अहित हो रहा है तो बुला लीजिए। बात करने से बहुत सारी चीजें ठीक हो जाती हैं।

18 मंडलों में करेंगे बड़ी रैली
सपा मुखिया ने कहा कि सपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए वे 18 मंडलों में एक-एक बड़ी रैली करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पहले उन्होंने चार बार सपा की सरकार बनाई है। गलती किसी भी रही हो, लेकिन पांचवीं बार भी सरकार बना देना।

रात भर सफर, ढाबे पर खाया-सोया, तब बनी पार्टी
मुलायम ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि पार्टी कितने संघर्षों से बनी है। वे रात भर सफर करते थे। ढाबे पर खाना खाते थे और वहीं सो जाते थे। तब पार्टी खड़ी हुई। नवंबर 1992 में पार्टी बनाई और एक साल बाद ही प्रदेश में सरकार बना ली।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें