समाजवादी पार्टी के दिवंगत नेता मोहन सिंह की पुण्य तिथि पर मंगलवार को पार्टी मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में मुलायम बोले तो खुलकर बोले। उन्होंने अपनी पार्टी की निंदा की तो कई जगह नेताओं की पीठ भी थपथपाई।
उन्होंने कि सपा के नेताओं को समाजवाद की ताकत को समझनी चाहिए। लोकसभा में सपा के सिर्फ पांच सदस्य हैं और उन्होंने मोदी को लोकसभा में आने के लिए मजबूर कर दिया।
उन्होंने कहा सिर्फ मैं था जिसने लोकसभा में प्रधानमंत्री को यह कहने की हिम्मत की, ‘मोदी जी! आपने तो लोगों को ठगा है। पर, पार्टी के किसी एक आदमी ने भी मेरी बात नहीं पकड़ी।
पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपनी यही खिन्नता दिखाते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि दिक्कत तो यही है कि तुम लोग बात पकड़ते ही नहीं। बात पकड़ते तो लोगों के बीच प्रचार करते, ‘मोदी ठग है, मोदी ठग है। उसने लोगों को ठगकर वोट लिया है। इससे माहौल बदल जाता।
मौज काट रहे हैं विधायक और मंत्री?
नेता जी के मुंह से पहले की पीढ़ी और आज की पीढ़ी की सोच-समझ और पार्टी विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता में कमी का भी दर्द छलक उठा। उनके निशाने पर पार्टी के विधायक भी आए और मंत्री भी।
उनके दिल में छिपा हुआ दर्द भी उमड़ उठा। दर्द ये कि कि पार्टी के लोग अब उनकी बातों पर ध्यान नहीं देते। कहा, ‘विधायक लोगों के बीच जाते ही नहीं। नेता भी मौज मारते हैं।
जो विधान परिषद और राज्यसभा में पहुंच गए, उन्हें भी फुरसत नहीं। कई बार कह चुका हूं लेकिन ए.सी. और गाड़ियों का मोह ही नहीं छूटता। सुधरने को तैयार नहीं। कौन क्या कर रहा है, जानता सबके बारे में हूं। कहें तो पूरी किताब लिख दूंगा।’
39 से पांच कैसे रहे गए
मुलायम बोले, ‘पहले हमारे 39-40 सदस्य लोकसभा में थे। पर, आज सिर्फ पांच रह गए। उनमें भी एक ही परिवार के। कोई श्वसुर है तो कोई बहू और कोई भतीजा..। पार्टी में किसी ने इस पर सोचा कि आखिर यह हालत कैसे हो गई।
सोचगे तो तब, जब मालूम हो कि यह पार्टी कितनी मेहनत से बनी है। यह मालूम तब होगा जब पुरानी पीढ़ी के बारे में पढ़ोगे।’ कहा, ‘मैं मॉस लीडर हूं, इसलिए सबके बारे में जानता हूं। बनी बनाई पार्टी मिल गई। सरकार बन गई तो मेहनत करने की जरूरत ही क्या है।’
मुलायम यहीं नहीं रुके। कहा, ‘पार्टी के एक-एक आदमी के बारे में मुझे पता है। इतनी जानकारी किसी को नहीं है। जिन्हें थी उनमें कई लोग हैं नहीं। हमारे अलावा सिर्फ अमर सिंह ही है जो सब कुछ जानते हैं।’
महादेव की बारात है सपा : मुलायम ने कहा, ‘मुझे तो यहां तक मालूम है कि जिलों के बैठकों में कई जिलाध्यक्ष मेरा नाम तक नहीं लेते। पर, क्या करूं। सबको लेकर चलना है तो कुछ बोलता नहीं। समाजवादी पार्टी तो महादेव की बारात है। किसी के एक आंख है तो किसी तीन हाथ। किसी कान ही नहीं है तो किसी की कुछ अजीबो-गरीब शक्ल।’