अखिलेश यादव व मुकुट बिहारी वर्मा।
- फोटो : amar ujala
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा खाली किए गए बंगले में हुई तोड़फोड़ को लेकर भाजपा नेताओं की बयानबाजी लगातार जारी है। अब इस मामले पर सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने बयान दिया है।
रविवार को बहराइच में अपने आवास पर सहकारिता मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव तोड़फोड़ पर ही विश्वास रखते हैं। यही उनकी संस्कृति है। आवास में कई गयी तोड़फोड़ उसी संस्कृति का हिस्सा है। प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि सुप्रीमकोर्ट की और से पूर्व मुख्यमंत्रियों को दिये गये सरकारी आवास को खाली करने के आदेश के बाद जहां राजनाथ सिंह व कल्याण सिंह ने कोर्ट का सम्मान करते हुये तत्काल अपने बंगले खाली कर दिये वही सपा के पूर्व सी एम ने सरकारी आवास खाली करने से पहले उसमे तोड़फोड़ कर काफी नुकसान किया है। तोड़फोड़ में उनका पहले से विश्वास रहा है।
आपको बता दें कि राज्य सम्पत्ति विभाग द्वारा नोटिस जारी करने के बाद अखिलेश यादव ने तीन जून को चार विक्रमादित्य मार्ग स्थित बंगला खाली कर दिया था जबकि नौ जून को चाभियां राज्य संपत्ति विभाग को सौंप दी।
राज्य संपत्ति विभाग की टीम ने जब बंगले में प्रवेश किया तो उन्हें कई जगह पर तोड़फोड़ मिली। जिसकी तस्वीरों के मीडिया में आने पर हंगामा मच गया। इस पर भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सरकारी बंगले को खाली करने से पहले उसमें तोड़फोड़ करना चिंताजनक व शर्मनाक है। इससे सपा मुखिया अखिलेश यादव की कुण्ठा झलकती है।