लालगंज क्षेत्र में माइनर कटने से खेतों में भरा पानी।
- फोटो : संवाद
लालगंज (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र से होकर निकली मुबारकपुर माइनर शुक्रवार रात उफना गई। इससे आसपास खेतों में बोई 100 बीघा फसल जलमग्न हो गई। सुबह जब किसान खेतों की तरफ गए तो पानी लबालब भरा था। किसानों ने बताया कि माइनर उफनाने की सूचना सिंचाई विभाग के अभियंताओं को दी गई है, मगर कोई देखने तक नहीं आया।
मुबारकपुर माइनर में शुक्रवार को पानी छोड़ा गया था। ठीक से सफाई नहीं होने और पटरियों की मरम्मत न होने से पानी उफनाकर खेतों में जाने लगा। इससे कोईली का पुरवा, ऊगाभाद, धनाभाद, मुबारकपुर, दयालपुर, बेचू का पुरवा, नरपत का पुरवा, पूरे मौहारी गांव के किसानों के खेत में पानी भर गया।
किसान श्याम सुंदर, सूर्यकांत त्रिपाठी, रजौली सिंह, दीपू त्रिपाठी, बजरंगी, उमेश श्रीवास्तव, चंद्रपाल यादव ने बताया कि माइनर की ठीक से सफाई नहीं कराई गई। पटरियां भी दोनों तरफ क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिन्हें कई सालों से दुरुस्त नहीं कराया गया। किसानों ने खराब हुई फसल का मुआवजा दिए जाने की मांग की है।